त्योहारों की मिठास पर महंगाई की मार, सुरजेवाला का मोदी सरकार पर 36 हजार करोड़ के चीनी घोटाले का आरोप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (27 August 2026): कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला (Randeep Surjewala) ने चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि त्योहारों के सीजन में चीनी की कीमत 45 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 70-75 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है और सरकार की नीतियों के कारण आम लोगों के लिए त्योहारों की मिठास कड़वी हो रही है।

सुरजेवाला ने दावा किया कि देश में चीनी की उपलब्धता को लेकर सरकार को अप्रैल से ही स्थिति की जानकारी थी, लेकिन अगस्त तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि देश में हर महीने करीब 24 लाख टन चीनी की खपत होती है, जबकि त्योहारों के दौरान यह खपत बढ़कर करीब 30 लाख टन तक पहुंच जाती है।

कांग्रेस नेता के मुताबिक, इस साल करीब 50 लाख टन ओपनिंग स्टॉक उपलब्ध होने की उम्मीद थी, लेकिन अब ओपनिंग स्टॉक में करीब 30 लाख टन की कमी बताई जा रही है। उन्होंने ISMA के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि इस साल करीब 275 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ है।

सुरजेवाला ने कहा कि सरकार ने 20 अगस्त को विदेश से कच्ची चीनी मंगाने का फैसला किया है, जो ब्राजील से आएगी। उन्होंने दावा किया कि इसे भारत पहुंचने में करीब 45-55 दिन और प्रोसेसिंग में करीब 15 दिन लगेंगे। ऐसे में त्योहारों के दौरान इस चीनी के बाजार में उपलब्ध होने पर उन्होंने सवाल उठाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि चीनी की कमी के चलते स्टॉक रखने वालों की मुनाफाखोरी और कालाबाजारी बढ़ रही है। सुरजेवाला ने सरकार की इथेनॉल ब्लेंडिंग नीति पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि नवंबर 2025 से जुलाई 2026 के बीच गन्ने के उत्पादन का बड़ा हिस्सा इथेनॉल के लिए इस्तेमाल किया गया, जिससे चीनी की उपलब्धता प्रभावित हुई।

सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय त्योहारों के सीजन में प्रति व्यक्ति 500 ग्राम चीनी रियायती दर पर उपलब्ध कराने की योजना थी, जिसकी कीमत करीब 13.50 रुपये प्रति किलो थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने 2017 में इस योजना को बंद कर दिया।

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि जब त्योहारों से पहले चीनी की मांग बढ़ना तय था, तो सरकार ने समय रहते पर्याप्त स्टॉक की व्यवस्था क्यों नहीं की। उन्होंने इसे सरकार और चीनी कारोबारियों के बीच “सांठगांठ” का मामला बताते हुए पूरे प्रकरण की जांच की मांग उठाई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।