नोएडा एयरपोर्ट बनेगा उत्तर भारत का कार्गो गेटवे, दो कंपनियों से AISATS की साझेदारी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (26/08/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से हवाई कार्गो संचालन को विस्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। एयर इंडिया एसएटीएस एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (AISATS) ने एयरपोर्ट के मल्टी-मॉडल कार्गो हब (MMCH) में फ्रेटर सेवाओं को विकसित करने के लिए स्पाइसएक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स और टोटल सॉल्यूशंस ग्रुप के साथ दो अलग-अलग समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। इन समझौतों की घोषणा नई दिल्ली में आयोजित ACFI वर्ल्ड कॉन्क्लेव 2026 में की गई।

स्पाइसएक्सप्रेस के साथ साझेदारी के तहत नोएडा एयरपोर्ट से पशुधन कार्गो के परिवहन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कंपनी की योजना सितंबर 2026 से अगस्त 2027 के बीच करीब 200 लाइवस्टॉक फ्रेटर उड़ानें संचालित करने की है। नोएडा एयरपोर्ट की भौगोलिक स्थिति इस लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यह उत्तर प्रदेश और हरियाणा के प्रमुख पशुधन उत्पादक क्षेत्रों के नजदीक है। इससे घरेलू क्षेत्रों से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पशुधन की आवाजाही को तेज करने में मदद मिल सकती है।

वहीं, टोटल सॉल्यूशंस ग्रुप के साथ हुए समझौते के तहत नोएडा एयरपोर्ट से नियमित और गैर-नियमित दोनों तरह की कार्गो फ्रेटर उड़ानों की संभावनाओं को विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य एयर कार्गो नेटवर्क का विस्तार करने के साथ उड़ानों और माल ढुलाई की क्षमता को बढ़ाना है। इससे उत्तर भारत के कारोबार और निर्यात से जुड़े क्षेत्रों को नए अंतरराष्ट्रीय कार्गो कनेक्शन मिलने की उम्मीद है।

AISATS के सीईओ रमानथन राजामाणि के मुताबिक, मल्टी-मॉडल कार्गो हब आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से माल की हैंडलिंग और आवाजाही को अधिक तेज, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद करेगा। टोटल सॉल्यूशंस ग्रुप के एमडी संदीप दत्ता ने कहा कि कंपनी उत्तर भारत की मांग को वैश्विक उड़ानों से जोड़कर मजबूत फ्रेटर कनेक्टिविटी विकसित करना चाहती है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उपाध्यक्ष क्रिस्टॉफ श्नेलमैन ने कहा कि इन साझेदारियों से एयरपोर्ट को बड़े लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। कार्गो सेवाओं के विस्तार को एनआईए को उत्तर भारत के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयर कार्गो गेटवे के तौर पर स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।