दिल्ली में मौसमी बीमारियों पर सरकार अलर्ट, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (25 August 2026): दिल्ली में बढ़ते मौसमी इन्फ्लुएंजा और H1N1 के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक कर राजधानी की स्वास्थ्य तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में इन्फ्लुएंजा, H1N1, डेंगू और मलेरिया की स्थिति, अस्पतालों की तैयारियों, दवाइयों, टेस्टिंग सुविधाओं और सर्विलांस व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ MCD, NDMC और दिल्ली कैंटोनमेंट के अधिकारी शामिल हुए। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी संबंधित एजेंसियों को जागरूकता अभियान, एंटी-लार्वा गतिविधियों, स्प्रेइंग और फॉगिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही इन गतिविधियों की समयबद्ध एक्शन टेकन रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने को कहा।
दिल्ली में अब तक H1N1 के 2,308 मामले सामने आए हैं, जबकि वर्ष 2026 में इन्फ्लुएंजा A और B के करीब 3,000 मामले दर्ज किए गए हैं। वर्तमान में H1N1 इन्फ्लुएंजा का प्रमुख सबटाइप है, जबकि पिछले वर्ष H3N2 प्रमुख सबटाइप था।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली की घनी आबादी और अत्यधिक कनेक्टेड शहरी वातावरण के कारण सांस से संबंधित संक्रमणों के प्रसार की संभावना बढ़ सकती है। ऐसे में समय पर जागरूकता, सर्विलांस और बचाव के उपायों को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में IEC गतिविधियां तेज करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग को ILI/SARI सर्विलांस मजबूत करने, मामलों की जल्द पहचान, समय पर रिपोर्टिंग, आवश्यक जांच और अस्पतालों में एंटीवायरल दवाइयों समेत जरूरी व्यवस्थाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र सरकार की स्वास्थ्य एडवाइजरी को भी दिल्ली के अस्पतालों और संबंधित विभागों के साथ साझा किया गया है।
बैठक में डेंगू और मलेरिया की स्थिति की भी समीक्षा हुई। वर्ष 2026 में अब तक दिल्ली में डेंगू के 570 और मलेरिया के 215 मामले सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि चालू वर्ष में डेंगू और मलेरिया से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने MCD, NDMC और दिल्ली कैंटोनमेंट को स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास एंटी-लार्वा गतिविधियां, स्प्रेइंग और फॉगिंग तेज करने तथा मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को प्रभावी ढंग से खत्म करने के निर्देश दिए।
डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने दिल्लीवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह तैयार है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जागरूकता और बचाव के उपाय केवल रिपोर्टों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका असर जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई देना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे श्वसन संबंधी सावधानियों और स्वच्छता के उपायों का पालन करें। अस्वस्थ होने पर अनावश्यक रूप से दूसरों के संपर्क में आने से बचें और लक्षण बने रहने या गंभीर होने की स्थिति में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेकर उपचार कराएं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।