दिल्ली के स्कूलों में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, शिक्षा निदेशालय ने जारी की गाइडलाइन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (25 August 2026): दिल्ली-एनसीआर में मौसमी इन्फ्लुएंजा और स्वाइन फ्लू यानी H1N1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली के स्कूलों के लिए स्वास्थ्य संबंधी अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं। निदेशालय ने स्कूलों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, श्वसन स्वच्छता को मजबूत करने और छात्रों व कर्मचारियों को संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देने पर जोर दिया है। स्कूलों से कहा गया है कि सुबह की प्रार्थना सभा, कक्षाओं में बातचीत, नोटिस बोर्ड, अभिभावकों के साथ संवाद और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए छात्रों व परिवारों तक जरूरी जानकारी पहुंचाई जाए।

शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों में H1N1 या मौसमी इन्फ्लुएंजा से जुड़े प्रमुख लक्षणों के बारे में भी जानकारी दी गई है। गले में खराश, खांसी, बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मामलों में सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि स्थिति को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लक्षणों के प्रति जागरूक रहना और समय पर सावधानी बरतना जरूरी है। स्कूलों को छात्रों और कर्मचारियों को खांसते या छींकते समय नाक और मुंह ढकने तथा इस्तेमाल किए गए टिश्यू को उचित तरीके से फेंकने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया है।

हाथों की स्वच्छता को भी एडवाइजरी में खास महत्व दिया गया है। स्कूलों को छात्रों और स्टाफ को साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं, विशेष रूप से खाना खाने से पहले और खांसने या छींकने के बाद हाथ साफ करने पर जोर दिया गया है। सांस संबंधी लक्षण वाले व्यक्ति से उचित दूरी बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा कक्षाओं, कॉमन एरिया और बार-बार छुई जाने वाली सतहों की नियमित सफाई तथा स्कूलों में पर्याप्त वेंटिलेशन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है। स्कूल परिसर और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचने को लेकर भी जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए हैं।

एडवाइजरी में छात्रों और स्कूल कर्मचारियों को स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की सलाह भी दी गई है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, पौष्टिक भोजन लेने, पर्याप्त आराम करने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया गया है। साथ ही आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचने की सलाह दी गई है। शिक्षा निदेशालय ने बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक या अन्य दवाएं लेने से भी बचने को कहा है। इन निर्देशों का उद्देश्य स्कूलों में संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकना और छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए सुरक्षित वातावरण बनाए रखना है।

शिक्षा निदेशालय ने निर्देशों के पालन की निगरानी की जिम्मेदारी जिलों और जोन के उप शिक्षा निदेशकों को दी है। उन्हें स्कूलों में जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करने के साथ इसकी संकलित रिपोर्ट तैयार करनी होगी। यह रिपोर्ट 31 अगस्त 2026 तक शिक्षा निदेशालय की हेल्थ स्कूल ब्रांच को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में दिल्ली के स्कूलों में अब स्वास्थ्य जागरूकता और संक्रमण रोकथाम से जुड़े उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिक्षा निदेशालय की एडवाइजरी का मुख्य उद्देश्य छात्रों और स्कूल स्टाफ को H1N1 के लक्षणों के प्रति सतर्क करना और सामान्य सावधानियों के जरिए संक्रमण के जोखिम को कम करना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

 


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।