तुस्याना के 6% आबादी क्षेत्र में विकास की मांग, गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने GNIDA से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (24/08/2026): नॉलेज पार्क-5 स्थित तुस्याना 6% आबादी क्षेत्र में सड़क, नाली, जल निकासी, सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (GNIDA) से समयबद्ध समाधान और स्पष्ट जवाबदेही की मांग की है।

समिति का कहना है कि क्षेत्र के निवासी वर्ष 2022 से लगातार इन समस्याओं को लेकर शिकायतें कर रहे हैं। प्राधिकरण को कई बार पत्र दिए जाने के बावजूद कई समस्याओं का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। समिति ने कहा कि अब क्षेत्र के लोगों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित समयसीमा और धरातल पर काम चाहिए।

लीज-बैक और विवादित भूखंडों का मुद्दा

समिति के अनुसार, तुस्याना क्षेत्र में लीज-बैक एवं अन्य विवादित भूखंडों, अतिक्रमण से प्रभावित आवंटियों, रजिस्ट्री और म्यूटेशन के बावजूद निर्माण अथवा कब्जे की स्थिति जैसे मामलों का समाधान भी लंबित है। इसके अलावा आसपास संचालित डेयरी और तबेला गतिविधियों के कारण गंदगी तथा जल निकासी से जुड़ी समस्याएं भी सामने आ रही हैं।

बिजली के तार चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है। उनका आरोप है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है और चोर सड़क किनारे लगे बिजली के तार तक चोरी कर ले जाते हैं। ऐसे में स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई गई है।

GNIDA से क्या-क्या मांग?

गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने GNIDA से लंबित विकास कार्यों के लिए निश्चित समयसीमा घोषित करने, लीज-बैक एवं विवादित भूखंडों का प्लॉट-वाइज समाधान करने और अतिक्रमण से प्रभावित आवंटियों को नियमानुसार कब्जा अथवा वैकल्पिक समाधान उपलब्ध कराने की मांग की है।

इसके अलावा सड़क, नाली, पेयजल, सफाई, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार, वर्ष 2022 से लंबित शिकायतों पर Action Taken Report (ATR) जारी करने तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता, बजट और समयसीमा को सार्वजनिक करने की मांग की गई है।

समिति ने 6% आबादी क्षेत्र के लिए एक समर्पित नोडल अधिकारी नियुक्त करने और निवासियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर प्रत्येक समस्या के समाधान की जिम्मेदारी और अंतिम समयसीमा तय करने की भी मांग रखी है।

‘घोषणा नहीं, क्रियान्वयन चाहिए’

समिति के समक्ष एस.एन. भट्टी, अरुण चौधरी, राज गुप्ता, अमन गुप्ता, सुदीश मौर्य, रजनी, अरविंद और धर्मेंद्र सहित अन्य स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याएं रखी हैं। समिति का कहना है कि नागरिकों ने अपनी जीवनभर की पूंजी यहां निवेश की है। अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित समयसीमा, पारदर्शी कार्ययोजना और धरातल पर दिखाई देने वाला परिणाम चाहिए। स्थानीय निवासियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “अब घोषणा नहीं—क्रियान्वयन चाहिए, आश्वासन नहीं—Action Taken Report चाहिए और अनिश्चितता नहीं—स्पष्ट निर्णय व जवाबदेही चाहिए।”

इस मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का पक्ष जानने के लिए बातचीत करने का प्रयास किया जा रहा है। प्राधिकरण की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या अपडेट प्राप्त होने पर खबर में उसे शामिल किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।