Noida: स्कूल में घुसकर वीडियो बनाना पड़ा भारी, AAP के पूर्व प्रत्याशी पर FIR
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (23/08/2026): नोएडा के सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर कंपोजिट विद्यालय में निरीक्षण के नाम पर प्रवेश करने और स्कूल स्टाफ से कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने के मामले में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी पंकज अवाना के खिलाफ सेक्टर-49 थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्कूल के एक शिक्षक की शिकायत पर कार्रवाई शुरू की है।
शिकायत के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे पंकज अवाना अपने चार साथियों के साथ स्कूल पहुंचे। आरोप है कि उनके पास विद्यालय में प्रवेश और निरीक्षण की कोई आधिकारिक अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने स्कूल परिसर में पहुंचकर वहां का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। स्टाफ ने वीडियो बनाने का विरोध किया, जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई।
बताया गया है कि पंकज अवाना ने स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर वीडियो बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। वीडियो में स्कूल के शौचालय की सफाई और पीने के पानी की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इसी दौरान स्कूल की प्रधानाचार्य और उनके बीच बहस होने की बात सामने आई है।
शिक्षक सत्यबीर यादव की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विरोध किए जाने पर पंकज अवाना ने स्टाफ के साथ ऊंची आवाज में बात की और कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, स्कूल में 19 महिला और एक पुरुष कर्मचारी तैनात हैं। आरोप है कि परिसर से निकलते समय भी पूर्व प्रत्याशी ने दोबारा देख लेने की धमकी दी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-49 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल के शिक्षकों, प्रधानाचार्य और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।