दिल्ली के टिकरी कलां में CNG पंप पर ट्रक में जोरदार धमाका, 3 की मौत; 3 घायल
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (19 August 2026): राजधानी दिल्ली के टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार को CNG पंप पर बड़ा हादसा हो गया। गैस भरवाने पहुंचे एक ट्रक में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। मृतकों में CNG पंप के कर्मचारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
दिल्ली फायर सर्विस को घटना की सूचना दोपहर करीब 3:37 बजे मिली। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं और कुल सात फायर टेंडर तैनात किए गए। फायर विभाग के अनुसार, मृतक और घायल उस समय ट्रक के आसपास मौजूद थे, तभी अचानक हुए विस्फोट की चपेट में आ गए।
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि ट्रक में लगे CNG सिलेंडर के फटने से यह धमाका हुआ। हालांकि, विस्फोट की वास्तविक वजह अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुई है। चूंकि हादसा CNG पंप पर गैस भरवाने के दौरान हुआ, इसलिए तकनीकी खराबी समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस, दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मौके पर जांच में जुटी हैं और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। दमकल विभाग ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट के कारण ट्रक के आसपास मौजूद लोग प्रभावित हुए। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर CNG भरने के दौरान किस वजह से सिलेंडर में विस्फोट हुआ। हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
टिप्पणियाँ बंद हैं।