शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 25 लाख की साइबर ठगी, तीन लोगों से 24.94 लाख रुपये हड़पे

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (18/08/2026): नोएडा में शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगी के तीन मामले सामने आए हैं। जालसाजों ने वॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए पीड़ितों से संपर्क किया और फर्जी निवेश ऐप, वेबसाइट व बैंक खातों के माध्यम से करीब 24.94 लाख रुपये ठग लिए। तीनों मामलों में शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला सेक्टर-26 का है। यहां रहने वाले नीतीश श्रीवास्तव को अगस्त 2025 में टेलीग्राम के जरिए एक निवेश संबंधी ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में कम समय में अधिक रिटर्न का दावा कर उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में करीब 20 बार में उनसे कुल 8.64 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम जमा करने के बाद न तो उन्हें निवेश की राशि वापस मिली और न ही कथित मुनाफा।

दूसरे मामले में सेक्टर-12 निवासी 30 वर्षीय आशीष कुमार को निशाना बनाया गया। जनवरी 2026 में वॉट्सऐप के जरिए उनसे संपर्क किया गया और बाद में एक ग्रुप में जोड़कर शेयर बाजार में निवेश से भारी मुनाफे का झांसा दिया गया। आरोपियों ने उनसे IBIN Max नाम का एक ऐप डाउनलोड कराया, जिसमें निवेश की रकम और बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता था। भरोसे में आकर आशीष ने 21 जनवरी से 2 फरवरी के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 8.85 लाख रुपये जमा कर दिए। जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया तो निकासी नहीं हो सकी और उन्हें साइबर ठगी का पता चला।

तीसरा मामला गौर सिटी-2 स्थित महागुन मायवुड्स का है। यहां रहने वाले 35 वर्षीय व्यक्ति से सितंबर 2025 में पहले वॉट्सऐप और फिर टेलीग्राम के जरिए संपर्क किया गया। उन्हें ट्रेडिंग में मुनाफे का भरोसा देकर एक फर्जी वेबसाइट के माध्यम से निवेश कराया गया। शुरुआत में उनसे 5 हजार रुपये जमा कराए गए, जिसके बाद वेबसाइट पर मुनाफा दिखाकर उनका विश्वास बढ़ाया गया। इसके बाद अधिक कमाई का लालच देकर आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 7.44 लाख रुपये जमा करा लिए। जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो बैंक डिटेल गलत होने का हवाला देकर निकासी रोक दी गई। ठगी का शक होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में सोशल मीडिया ग्रुप, फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म, मोबाइल नंबर और बैंक खातों का इस्तेमाल कर पीड़ितों से रकम ट्रांसफर कराई गई। पुलिस आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, ऐप और वेबसाइट की तकनीकी जानकारी जुटा रही है।

साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश संबंधी ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी अनजान ऐप को डाउनलोड करने या किसी अज्ञात बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करने से पहले उसकी पूरी जानकारी की जांच करें। कम समय में असामान्य रूप से अधिक मुनाफे का दावा करने वाले निवेश ऑफर साइबर ठगी का संकेत हो सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।