YEIDA का बड़ा मास्टरप्लान: मेडिकल हब, यूनिवर्सिटी टाउनशिप और ताइवान सिटी से बदलेगी तस्वीर

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (17/08/2026): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 92वीं बोर्ड बैठक में क्षेत्र के औद्योगिक और शहरी विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बोर्ड ने मेडिकल, शिक्षा, उद्योग, परिवहन, फार्मा और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न सेक्टरों में जमीन चिन्हित करने को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ शहरी और सार्वजनिक सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

500 एकड़ में विकसित होगा मेडिकल हब

बोर्ड ने सेक्टर-13 और 14 में करीब 500 एकड़ जमीन पर मेडिकल हब विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। वहीं सेक्टर-14 में लगभग 480 एकड़ क्षेत्र में यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य क्षेत्र में उच्चस्तरीय चिकित्सा और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार करना है।

50 एकड़ में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम

खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर-23डी में करीब 50 एकड़ जमीन पर आधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम विकसित करने की योजना है। इसके अलावा सेक्टर-34 में लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में मंडी विकसित की जाएगी।

एयरपोर्ट के पास बनेगा अंतरराज्यीय बस अड्डा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक यात्रियों की सार्वजनिक परिवहन सुविधा बेहतर करने के लिए सेक्टर-23सी में अंतरराज्यीय बस अड्डे के लिए जमीन चिन्हित की जाएगी। इससे एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

ताइवान आधारित कंपनियों के लिए 300 एकड़ जमीन

YEIDA ने सेक्टर-6 में करीब 300 एकड़ जमीन ताइवान आधारित कंपनियों और उद्योगों के लिए आरक्षित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यहां इलेक्ट्रॉनिक्स और तकनीकी क्षेत्र से जुड़ी विनिर्माण इकाइयों को विकसित करने की योजना है। इससे क्षेत्र में विदेशी निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

फार्मा क्लस्टर में बनेंगी दवा निर्माण इकाइयां

फार्मास्युटिकल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए सेक्टर-6 में 100 से 125 एकड़ क्षेत्र में फार्मास्यूटिकल फॉर्मुलेशन मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जाएगा। यहां टैबलेट, कैप्सूल, इंजेक्शन और ओरल लिक्विड जैसी दवाओं के उत्पादन से जुड़ी इकाइयां स्थापित की जा सकेंगी।इसके साथ ही मेडिकल डिवाइस पार्क में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप टेस्टिंग सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

किसानों से जमीन खरीद की दरों में बदलाव

बैठक में किसानों की सहमति से जमीन खरीद की दरों में संशोधन को भी मंजूरी दी गई। गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर क्षेत्र में मौजूदा 4,300 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर को 6 प्रतिशत बढ़ाकर 4,558 रुपये प्रति वर्ग मीटर करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, एक अन्य विकल्प के तहत 4,037 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर के साथ 7 प्रतिशत आबादी भूखंड देने का प्रावधान रखा गया है।

YEIDA की आय में 90% से ज्यादा की बढ़ोतरी

प्राधिकरण के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 जुलाई तक कुल 1,853.74 करोड़ रुपये की प्राप्तियां हुई हैं। यह पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में 90.25 प्रतिशत अधिक है। YEIDA के इन फैसलों से मेडिकल, शिक्षा, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, परिवहन और खेल के क्षेत्र में बड़े निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास प्रस्तावित इन परियोजनाओं से पूरे क्षेत्र के आर्थिक और शहरी विकास को नई गति मिल सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।