जामिया कैंपस में छात्रों का विरोध प्रदर्शन, छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (12 फरवरी, 2025): जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में 10 फरवरी से जारी छात्रों का विरोध प्रदर्शन 13 फरवरी की सुबह पुलिस कार्रवाई के बाद समाप्त हो गया। कॉलेज प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कुछ छात्रों ने 10 फरवरी की शाम से अकादमिक ब्लॉक में धरना देना शुरू कर दिया था। बताया जा रहा है कि कैंपस में किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की रोक लगने के रोष में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे।
JMI द्वारा बयान जारी कर कहा गया है कि छात्रों के इस विरोध प्रदर्शन से विश्वविद्यालय में कक्षाओं और लाइब्रेरी की सामान्य गतिविधियां बाधित हो गईं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने केंद्रीय कैंटीन में तोड़फोड़ की, सुरक्षा गेट तोड़ा और नियमों का उल्लंघन किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बातचीत का प्रस्ताव भी दिया, लेकिन छात्रों ने इसे ठुकरा दिया।
परिसर में बढ़ते तनाव को देखते हुए 13 फरवरी की सुबह प्रॉक्टोरियल टीम ने विरोध स्थल को खाली करवाया। कॉलेज प्रशासन के अनुरोध पर पुलिस ने सुबह 5 बजे प्रदर्शनकारी छात्रों को हटाकर हिरासत में ले लिया और उन्हें कालकाजी, सनलाइट कॉलोनी और बदरपुर थानों में ले जाया गया।
वामपंथी छात्र संगठन AISA की केंद्रीय अध्यक्ष ने इस कार्रवाई को “अवैध” बताते हुए हिरासत में लिए गए छात्रों की रिहाई की मांग की है। फिलहाल विश्वविद्यालय में स्थिति सामान्य है, लेकिन छात्रों के विरोध और पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं जारी हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।