कल्याणपुरी में ड्यूटी पर निकले MCD सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (16 अगस्त 2026): दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान MCD के सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से साथी सफाई कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, सफाई कर्मचारी अनिल रविवार सुबह कल्याणपुरी इलाके में अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने उन पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अनिल को तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, वारदात CCTV कैमरे में भी कैद हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी LBS अस्पताल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, मृतक के परिवार की सुरक्षा और उचित मुआवजे की मांग की। प्रदर्शन के चलते अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल भी देखने को मिला।
वहीं, स्थानीय AAP विधायक कुलदीप कुमार ने घटना को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और हत्या, लूट समेत आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था पर जवाब मांगते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वारदात पर भाजपा विधायक रवि कांत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली सो रही होती है, तब सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ रखने के लिए काम करते हैं और ऐसे कर्मचारियों पर हमला पूरे समाज पर हमला है। उन्होंने कहा कि अनिल को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पूरी कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल कल्याणपुरी थाना पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। हत्या के पीछे की असली वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।