कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ बजने पर असहज हुई सोनिया गांधी?
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (15 August 2026): भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित ध्वजारोहण समारोह के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ बजाए जाने को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। समारोह के दौरान शुरुआती दो छंदों के बाद भी गीत जारी रहने पर कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं के कथित तौर पर असहज दिखने को लेकर सवाल उठे।
इस मामले को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने कार्यक्रम का वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस नेताओं पर तंज कसा और आरोप लगाया कि पूरा ‘वंदे मातरम’ बजाए जाने से पार्टी के शीर्ष नेता असहज नजर आए। वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ राष्ट्रीय गीत है और कांग्रेस के कार्यक्रमों में इसे गाने की परंपरा रही है। उन्होंने 1937 के कांग्रेस अधिवेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी पार्टी के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ को लेकर निर्णय लिया गया था।
दरअसल, कांग्रेस लंबे समय से ‘वंदे मातरम’ के शुरुआती दो छंदों को ही कार्यक्रमों में गाने की परंपरा का पालन करती रही है। इसके पीछे 1937 में रवींद्रनाथ टैगोर की उस सलाह का भी उल्लेख किया जाता है, जिसमें उन्होंने कहा था कि गीत के शुरुआती हिस्से में मातृभूमि का वर्णन है, जबकि बाद के हिस्सों में देवी दुर्गा का आह्वान होने के कारण कुछ समुदायों को आपत्ति हो सकती है। इसी वजह से कांग्रेस ने शुरुआती दो छंदों को राष्ट्रीय गीत के रूप में स्वीकार करने की नीति अपनाई थी।
कांग्रेस मुख्यालय के समारोह में करीब 55 सेकेंड तक पार्टी के नेता ‘वंदे मातरम’ के साथ नजर आए, लेकिन गीत आगे जारी रहने पर उनके चुप होने और बातचीत करने के दृश्य सामने आए। वीडियो में सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच बातचीत होती दिखाई दी। इसके बाद एक कांग्रेस कार्यकर्ता को बुलाकर उनसे कुछ बातचीत की गई। पूरा गीत करीब तीन मिनट तक चला और उसके बाद ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में इसके बाद झंडा गीत ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा’ भी गाया गया।
विवाद पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सफाई देते हुए कहा कि पूरा ‘वंदे मातरम’ गाया गया और इसमें विवाद की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि गीत को रोकने की कोई कोशिश नहीं हुई थी। जयराम रमेश के मुताबिक, लंबे समय तक खड़े रहने के कारण कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी की व्यवस्था करने को लेकर सोनिया गांधी बात कर रही थीं। उन्होंने इस बातचीत को ‘वंदे मातरम’ को लेकर किसी असहजता से जोड़ने से इनकार किया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच ‘वंदे मातरम’ के पूर्ण संस्करण को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप फिर तेज हो गए हैं। इस बार स्वतंत्रता दिवस के आधिकारिक समारोह में भी ‘जन गण मन’ से पहले ‘वंदे मातरम’ गाए जाने के कारण यह मुद्दा चर्चा में रहा। वहीं, केरल में स्वतंत्रता दिवस समारोहों को लेकर जारी दिशा-निर्देशों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और ‘जन गण मन’ गाने का उल्लेख किया गया, जबकि ‘वंदे मातरम’ का जिक्र नहीं था। ऐसे में राष्ट्रीय गीत के पूर्ण संस्करण को लेकर राजनीतिक और वैचारिक बहस आगे भी जारी रहने के संकेत हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।