डेल्टा-1 में सर्विस रोड का निर्माण शुरू, वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से निवासियों में खुशी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (14/08/2026): सेक्टर डेल्टा-1 के चारों ओर लंबे समय से प्रस्तावित सर्विस रोड के निर्माण का इंतजार अब खत्म हो गया है। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने सर्विस रोड के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी है। काम शुरू होने के बाद सेक्टर के निवासियों में खुशी का माहौल है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सेक्टरवासियों ने प्राधिकरण के अधिकारियों का आभार जताते हुए निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की उम्मीद जताई है।
डेल्टा-1 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने कहा कि सर्विस रोड का निर्माण सेक्टरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। वर्षों से इस सड़क के निर्माण की प्रतीक्षा की जा रही थी और अब काम शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रॉन्ग साइड वाहन चलाने से होती थीं दुर्घटनाएं
आरडब्ल्यूए के कोषाध्यक्ष विजय ठाकुर ने बताया कि सर्विस रोड नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को कई बार मुख्य मार्ग पर रॉन्ग साइड से वाहन लेकर जाना पड़ता था। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। सर्विस रोड बनने के बाद इस समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है।
मॉर्निंग वॉक के लिए भी मिलेगी बेहतर सुविधा
आरडब्ल्यूए के पूर्व महासचिव एवं अधिवक्ता दीपक भाटी और महासचिव दीवान शर्मा ने कहा कि सर्विस रोड बनने से सेक्टरवासियों को रोजाना मॉर्निंग वॉक के लिए सेक्टर से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सड़क बनने के बाद सेक्टर के आसपास आवागमन और पैदल चलने के लिए भी बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
निर्माण में बाधा बनने वाले टावर और रैंप हटाए जाएंगे
आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण की तकनीकी टीम से भी निर्माण कार्य को लेकर जानकारी ली। तकनीकी टीम के विकास भाटी से हुई बातचीत के अनुसार, सर्विस रोड के प्रस्तावित मार्ग में आने वाले मोबाइल टावरों को संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिफ्ट कराया जाएगा। वहीं, कुछ बिल्डरों द्वारा बनाए गए रैंप यदि सड़क निर्माण की सीमा में बाधा बन रहे हैं तो उन्हें हटाया या तोड़ा जाएगा, ताकि निर्माण कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।
प्राधिकरण के अधिकारियों का जताया आभार
सर्विस रोड का काम शुरू होने पर सेक्टरवासियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ, वर्क सर्कल-5 की अधिकारी एसीओ श्रीमती लक्ष्मी सिंह, डीजीएम श्री विजय रावल, एसएम श्री राजेश नीम और तकनीकी टीम के विकास भाटी सहित संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कहा कि प्राधिकरण की पहल से वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सेक्टरवासियों ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने की मांग करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने उम्मीद जताई कि सर्विस रोड का निर्माण जल्द पूरा होने के बाद सेक्टर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और निवासियों को आवागमन के साथ-साथ पैदल चलने की सुविधाओं में भी राहत मिलेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।