ग्रेटर नोएडा में किसान-मजदूरों का प्रदर्शन, लंबित मांगों को लेकर सरकार को चेताया

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (11/08/2026): केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और अखिल भारतीय किसान सभा के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर किसान-मजदूरों ने प्रदर्शन किया। देशव्यापी जेल भरो आंदोलन के तहत बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और महिलाएं धरना स्थल पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और सामूहिक गिरफ्तारी देने की पेशकश की, हालांकि पुलिस ने गिरफ्तारी लेने से इनकार कर दिया।

प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर के माध्यम से प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम नौ सूत्रीय मांग पत्र भेजा गया। संगठनों ने चारों लेबर कोड वापस लेने, किसानों को स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के आधार पर एमएसपी की कानूनी गारंटी देने, स्कीम वर्कर्स को नियमित कर्मचारी का दर्जा देने और न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये करने की मांग उठाई। इसके अलावा निजीकरण पर रोक, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, किसानों की कर्जमाफी और महंगाई पर नियंत्रण की मांग भी की गई।

प्रदर्शन के दौरान गौतमबुद्ध नगर के अधिग्रहण प्रभावित किसानों के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। किसान नेताओं ने कहा कि 10 प्रतिशत आबादी भूखंड से जुड़ा प्रस्ताव वर्ष 2023 में शासन को भेजे जाने के बावजूद अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। करीब छह हजार भूखंडों का बैकलॉग लंबित बताया गया। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में सुनवाई पूरी होने के बाद भी 854 आबादी प्रकरणों का निस्तारण नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। किसानों ने इन मामलों को आगामी बोर्ड बैठक में पास कर लीजबैक की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।

किसान नेताओं ने नए भूमि अधिग्रहण कानून के तहत सर्किल रेट में संशोधन और किसानों को 20 प्रतिशत विकसित भूखंड दिए जाने की व्यवस्था लागू करने की भी मांग की। सीटू के जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि सरकार की नीतियों से मजदूरों, कर्मचारियों और किसानों की परेशानियां बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से आश्वासन मिलने के बावजूद स्थानीय किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाने की चेतावनी दी गई।

अखिल भारतीय किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि किसानों के लंबित मामलों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में रामस्वारथ, मुकेश कुमार राघव, पारस रजक, राम सागर, नरेंद्र पांडे, सुनील पंडित, रामकिशन, टीकम सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और महिलाएं मौजूद रहीं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।