श्रमिक-किसान संगठनों का सूरजपुर में प्रदर्शन, 9 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (11/08/2026): केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और अखिल भारतीय किसान सभा के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के धरना स्थल पर श्रमिकों और किसानों ने प्रदर्शन किया। देशव्यापी ‘जेल भरो आंदोलन’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने सामूहिक गिरफ्तारी देने की पेशकश की, हालांकि पुलिस ने गिरफ्तारी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने कहा कि मजदूरों, किसानों और स्कीम वर्कर्स से जुड़े मुद्दों पर सरकार को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों से श्रमिकों, कर्मचारियों, किसानों और आम लोगों के सामने आर्थिक चुनौतियां बढ़ रही हैं। उन्होंने चार लेबर कोड वापस लेने, किसानों को सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने और स्कीम वर्कर्स को नियमित कर्मचारी का दर्जा देने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

ज्ञापन में लेबर कोड रद्द करने, स्वामीनाथन आयोग के C2+50 प्रतिशत फॉर्मूले के आधार पर MSP की कानूनी गारंटी, आशा-आंगनवाड़ी और मिड-डे मील कर्मियों को नियमित कर्मचारी का दर्जा व न्यूनतम 42 हजार रुपये वेतन, निजीकरण और ठेका प्रथा पर रोक तथा रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती जैसी मांगें शामिल रहीं। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और किसानों व ग्रामीण मजदूरों की कर्जमाफी की मांग भी रखी गई।

स्थानीय मुद्दों को लेकर संगठनों ने गौतमबुद्ध नगर के किसानों को 10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण, 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने, पथ विक्रेताओं के उत्पीड़न पर रोक और निर्माण श्रमिकों के लंबित लाभ जारी करने की मांग की। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 26 हजार रुपये न्यूनतम वेतन लागू करने, महंगाई पर नियंत्रण, सार्वभौमिक राशन व्यवस्था तथा UAPA और BNS के कथित दमनकारी प्रावधानों को हटाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। प्रदर्शन में रामस्वारथ, मुकेश कुमार राघव, पारस रजक, राम सागर, नरेंद्र पांडे, आरपी सिंह चौहान, अमर सिंह, योगेंद्र चौहान, उदय चंद्र झा, पुष्पेंद्र त्यागी, डॉ. रुपेश वर्मा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।