सेमीकंडक्टर की नई पीढ़ी तैयार कर रहा NIELIT, स्मार्टफोन से रक्षा उपकरणों तक की चिप डिजाइनिंग का प्रशिक्षण

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (09/08/2026): सेक्टर-29 स्थित राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) नोएडा में युवाओं को सेमीकंडक्टर तकनीक और चिप डिजाइनिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जा रहा है। संस्थान का उद्देश्य इंजीनियरिंग छात्रों और तकनीकी पेशेवरों को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप कुशल बनाना तथा सेमीकंडक्टर उद्योग में उनके लिए रोजगार के बेहतर अवसर तैयार करना है।

NIELIT के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से देशभर के बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स छात्रों, इंजीनियरों और कामकाजी पेशेवरों के लिए अब तक 40 से अधिक कार्यशालाओं का आयोजन किया जा चुका है। इन कार्यशालाओं के माध्यम से 3,000 से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनके तहत अब तक 14 बैच पूरे हो चुके हैं।

IC और ASIC डिजाइनिंग की दी जा रही व्यावहारिक ट्रेनिंग

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को इंटीग्रेटेड सर्किट (IC) और एप्लीकेशन-स्पेसिफिक इंटीग्रेटेड सर्किट (ASIC) के डिजाइन और विकास की पूरी प्रक्रिया से परिचित कराया जाता है। इसमें चिप की शुरुआती डिजाइन रूपरेखा तैयार करने से लेकर RTL डेवलपमेंट, फिजिकल डिजाइन और GDS-II तक के विभिन्न चरणों को आधुनिक एवं ओपन-सोर्स EDA टूल्स के माध्यम से समझाया जाता है।

इस प्रशिक्षण का विशेष फोकस छात्रों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय चिप डिजाइनिंग की वास्तविक औद्योगिक प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है। इससे विद्यार्थियों को सेमीकंडक्टर उद्योग में काम करने के लिए आवश्यक तकनीकी कौशल विकसित करने में मदद मिल रही है।

स्मार्टफोन से लेकर रक्षा प्रणालियों तक चिप की अहम भूमिका

आज सेमीकंडक्टर तकनीक स्मार्टफोन, लैपटॉप, ऑटोमोबाइल, दूरसंचार, मेडिकल उपकरण, औद्योगिक मशीनरी और रक्षा प्रणालियों सहित अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों की आधारभूत जरूरत बन चुकी है। ऐसे में चिप डिजाइन, डिजाइन वैलिडेशन और सेमीकंडक्टर से जुड़ी अन्य तकनीकी विशेषज्ञताओं में प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ने की संभावना है।

भारत सरकार की ओर से सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए 30 हजार से अधिक युवाओं को कुशल बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी दिशा में NIELIT नोएडा द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों, कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकी कौशल प्रदान किया जा रहा है।

6 हजार से अधिक युवाओं को मिल चुका प्रशिक्षण

NIELIT नोएडा के प्रभारी अधिकारी शमीम खान ने बताया कि संस्थान की ओर से संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों और कार्यशालाओं के माध्यम से अब तक 6,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित 30 हजार युवाओं को प्रशिक्षित करने के लक्ष्य को जल्द पूरा करने की दिशा में संस्थान लगातार प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग में भारत की भूमिका तेजी से मजबूत हो रही है। ऐसे में युवाओं को चिप डिजाइनिंग और इससे जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षित करना देश में एक मजबूत और कुशल सेमीकंडक्टर कार्यबल तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।