राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का निधन

 

टेन न्यूज नेटवर्क

अयोध्या (12 फरवरी 2025): श्री राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीजीआई) में चल रहा था। इलाज के दौरान उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ, जिसके कारण उन्होंने अंतिम सांस ली।

आचार्य सत्येंद्र दास ने लगभग 34 वर्षों तक रामलला की सेवा की और पूरी निष्ठा से मंदिर की पूजा-पद्धति का संचालन किया। उनके निधन से अयोध्या में शोक की लहर दौड़ गई है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट सहित संतो, श्रद्धालुओं और भक्तों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

आचार्य सत्येंद्र दास का संपूर्ण जीवन भक्ति और सेवा को समर्पित था। उन्होंने अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान भी अहम भूमिका निभाई थी और मंदिर निर्माण के दौरान पूजा-अर्चना की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया।

उनके निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कहा कि, “आचार्य सत्येंद्र दास जी ने अपने जीवन का अधिकांश समय रामलला की सेवा में बिताया। उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।”

राम भक्तों और संत समाज ने आचार्य सत्येंद्र दास के निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। उनका अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान से किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं और संतों का बड़ा समूह शामिल होगा।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।