ग्रेटर नोएडा में “अमेरिकन सिटी” बनाने की योजना पर अमेरिकी उद्यमियों ने दिखाई रुचि
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (6 दिसंबर 2024) : जापान और कोरिया के बाद अब अमेरिका के उद्यमियों ने यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में निवेश की रुचि जाहिर की है। बृहस्पतिवार को अमेरिकी उद्यमियों का एक प्रतिनिधिमंडल यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में पहुंचा और अधिकारियों के साथ “अमेरिकन सिटी” बसाने की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान अमेरिकी प्रतिनिधियों ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और विकास कार्यों की जानकारी ली।
यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में बड़ी संख्या में महिला उद्यमी शामिल थीं, जो प्राधिकरण द्वारा किए गए आतिथ्य से बेहद प्रभावित नजर आईं। स्वागत कार्यक्रम में विशेष कार्याधिकारी (OSD) शैलेंद्र भाटिया ने यमुना क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं का विस्तार से परिचय दिया।
शैलेंद्र भाटिया ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनकर तैयार हो चुका है। यह एयरपोर्ट दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा, जहां कार्गो विमानों की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे उद्यमियों को अपना कच्चा और तैयार माल तेजी से देश-विदेश तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।इसके अलावा, क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है। इस परियोजना के तहत 1,400 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन और एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है, जो व्यापार को और सुगम बनाएगा।
यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने जानकारी दी कि “अमेरिकन सिटी” के लिए 1,200 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। यह भूमि सेक्टर 4ए और 5ए में स्थित है। इस परियोजना के तहत अमेरिकी निवेशकों को अत्याधुनिक बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
जापान और कोरिया की कई कंपनियां पहले ही यमुना क्षेत्र में औद्योगिक टाउनशिप विकसित कर रही हैं। मास्टर प्लान 2041 के तहत इन परियोजनाओं के लिए जमीन आरक्षित की गई है। अब अमेरिकी उद्यमियों की रुचि से क्षेत्र में वैश्विक निवेश को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में एशिया की सबसे बड़ी फिल्म सिटी भी बन रही है। 1,000 एकड़ भूमि पर विकसित हो रही यह फिल्म सिटी जल्द ही फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक बड़ा केंद्र बनेगी। इसके साथ ही DMIC और मुंबई पोर्ट तक सामान की आपूर्ति के लिए बनाए जा रहे एक्सप्रेसवे ने विदेशी निवेशकों का ध्यान खींचा है।
यमुना प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रुति, OSD शैलेंद्र भाटिया, DGM राजेंद्र भाटी और अन्य अधिकारी शामिल थे, ने प्रतिनिधिमंडल के साथ गहन चर्चा की। प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के निवेश अवसरों की सराहना की और परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग का भरोसा दिया।यमुना प्राधिकरण के प्रयासों और क्षेत्र की योजनाओं से उत्साहित अमेरिकी उद्यमियों का यह दौरा भविष्य में वैश्विक निवेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।