भारत मंडपम में 12 अगस्त से शुरू होगा भारतीय व्यापार महोत्सव, 40 से अधिक कारोबारी प्रतिनिधिमंडल होंगे शामिल
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली | 7 अगस्त 2026 भारत की व्यापारिक, औद्योगिक और उद्यमशील क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 (BVM 2026) का आयोजन 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह चार दिवसीय महोत्सव भारतीय उत्पादों, सेवाओं, तकनीक और नवाचार को वैश्विक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
नई दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए चांदनी चौक से सांसद एवं CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘लोकल टू ग्लोबल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
12 अगस्त को अमित शाह करेंगे उद्घाटन
प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि 12 अगस्त 2026 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भारत मंडपम में भारतीय व्यापार महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, CAIT की रणनीतिक सलाहकार स्मृति ईरानी, विभिन्न केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहेंगे।
700 से अधिक स्टॉल, 40 से ज्यादा देशों की भागीदारी
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में देशभर के विभिन्न राज्यों से 700 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन में लाखों व्यापारिक आगंतुकों, उद्योगपतियों, संस्थागत खरीदारों और उद्यमियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा 40 से अधिक देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल और खरीदार इस आयोजन में भाग लेकर इसे एक वैश्विक बिजनेस प्लेटफॉर्म का स्वरूप देंगे।
MSME, स्टार्टअप और महिला उद्यमियों को मिलेगा बड़ा मंच
भारतीय व्यापार महोत्सव में बड़े उद्योगों के साथ-साथ MSME, स्टार्टअप, महिला उद्यमियों, कारीगरों तथा ग्रामीण एवं कुटीर उद्योगों को भी विशेष अवसर मिलेगा। आयोजन के दौरान Buyer-Seller Meet, B2B एवं B2G नेटवर्किंग, निवेश एवं निर्यात संवाद, Startup Showcase और अत्याधुनिक तकनीकी प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा।
परंपरा और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम
महोत्सव में भारत की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक आर्थिक क्षमता दोनों का प्रदर्शन किया जाएगा। यहां GI टैग वाले उत्पाद, हस्तशिल्प, हथकरघा, ग्रामीण उत्पाद के साथ-साथ डिजिटल कॉमर्स, फिनटेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), लॉजिस्टिक्स, ग्रीन टेक्नोलॉजी और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों की नवीनतम उपलब्धियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।
‘नारी वंदन पवेलियन’ और ‘एबिलिटी एक्सपो’ होंगे आकर्षण
आयोजन में महिला उद्यमियों के लिए ‘नारी वंदन पवेलियन’, दिव्यांग उद्यमियों के लिए ‘एबिलिटी एक्सपो’ तथा नवाचार आधारित कंपनियों के लिए स्टार्टअप हब प्रमुख आकर्षण होंगे। आयोजकों का मानना है कि इससे समावेशी विकास और उद्यमिता को नई गति मिलेगी।
व्यापार, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि घरेलू व्यापार, निर्यात, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने वाला एक प्रभावी आर्थिक मंच है। इससे भारतीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने, नए व्यापारिक साझेदार बनाने और MSME सहित छोटे कारोबारियों के लिए नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि इस महोत्सव से पर्यटन, आतिथ्य, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और सेवा क्षेत्र में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी।
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “भारतीय व्यापार महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की उद्यमशीलता का महोत्सव, भारतीय प्रतिभा का प्रदर्शन और विकसित भारत के आर्थिक भविष्य का प्रवेशद्वार है।” उन्होंने इसे दुनिया के सामने भारत की गुणवत्ता, नवाचार और व्यापारिक नेतृत्व को प्रदर्शित करने वाला ऐतिहासिक मंच बताया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।