नोएडा में फिर सुरक्षा इंतजाम फेल! खुले टैंक में गिरकर 4 साल के गोलू की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (02/08/2026): नोएडा में सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक बार फिर एक मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गई। सेक्टर-123 स्थित ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में खुले पड़े पंप टैंक (होदी) में गिरने से चार वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण की सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर बरती जा रही लापरवाही को कठघरे में खड़ा कर दिया है।

मृतक की पहचान फिरोज आलम उर्फ गोलू (4) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले का निवासी था। उसका परिवार फिलहाल सेक्टर-123 स्थित पर्थला गोलचक्कर के पास झुग्गी-झोपड़ी में रहकर गुजर-बसर कर रहा था।

परिजनों के अनुसार, गोलू पास में स्थित पंप से पानी पीने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह खुले पानी के टैंक में जा गिरा। टैंक के आसपास न तो कोई सुरक्षा घेराबंदी थी और न ही किसी प्रकार की चेतावनी या सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी। जब तक लोगों को घटना की जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों ने बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किया और सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बच्चे को तत्काल अस्पताल लेकर गई, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के लिए जिम्मेदार पक्षों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब नोएडा और ग्रेटर नोएडा में खुले गड्ढों, पानी से भरे टैंकों, नालों और निर्माण स्थलों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों की जान खतरे में रहती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ऐसे स्थानों को मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और नियमित निगरानी से सुरक्षित किया जाए तो इस तरह की दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

यह पहला मामला नहीं है। जुलाई महीने में ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में भी प्राधिकरण की लापरवाही सामने आई थी। वहां बोरिंग कार्य के लिए करीब 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जो बारिश के पानी से भर गया था। खेलते समय छह वर्षीय एक बच्चा उस गड्ढे में गिर गया और उसकी डूबने से मौत हो गई। उस घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे थे और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग हुई थी।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन अभी भी गंभीर चुनौती बना हुआ है। खुले टैंक, गहरे गड्ढे और असुरक्षित निर्माण स्थल बच्चों और आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। सवाल यह है कि हर हादसे के बाद जांच और निर्देश तो जारी होते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सुरक्षा इंतजाम कब मजबूत होंगे, ताकि किसी और परिवार को अपने मासूम को न खोना पड़े।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।