नई दिल्ली (11 फरवरी 2025): यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया के विवादित बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में दिए गए उनके बयान की न केवल सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है, बल्कि अब यह मामला संसद तक पहुंच चुका है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इस मुद्दे को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की संसदीय समिति में उठाने की बात कही है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “कॉमेडी के नाम पर अभद्र भाषा की कोई भी सीमा पार करना स्वीकार्य नहीं है। आपको एक मंच मिलता है, इसका यह मतलब नहीं कि आप कुछ भी बोल सकते हैं। उनके पास लाखों सब्सक्राइबर हैं, हर बड़ा राजनीतिक नेता उनके पॉडकास्ट में आ चुका है। प्रधानमंत्री ने भी उन्हें सम्मानित किया है… ऐसे में उनकी यह टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है। बतौर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की स्थायी समिति की सदस्य, मैं इस मुद्दे को जरूर उठाऊंगी।”
हालांकि, रणवीर अल्लाहबादिया ने अपने बयान को लेकर माफी मांग ली है, लेकिन विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी उनकी आलोचना की है।
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स की जिम्मेदारी और उनकी सीमाओं पर बहस छेड़ दी है। जहां कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई लोग इसे समाज में गलत संदेश फैलाने वाला बता रहे हैं। अब देखना होगा कि सरकार और संबंधित मंत्रालय इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।