हर घर तिरंगा अभियान पर सीएम योगी का मेगा प्लान, 5 करोड़ घरों तक पहुंचेगा तिरंगा
टेन न्यूज नेटवर्क
Lucknow News (01/08/2026): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए इस वर्ष उत्तर प्रदेश के 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य तय किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व से जुड़े सभी कार्यक्रम पूरे सम्मान, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ आयोजित किए जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी, सहायता प्राप्त संस्थानों, स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों, स्कूल-कॉलेजों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि तिरंगे के निर्माण, उपलब्धता और वितरण की व्यवस्था समय पर पूरी हो। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग संस्थाओं, एमएसएमई इकाइयों और स्थानीय उत्पादन केंद्रों को अभियान से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आम लोगों को तिरंगा आसानी से उपलब्ध हो, इसके लिए राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्रों, तहसीलों, विकास खंड कार्यालयों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, डाकघरों और पेट्रोल पंपों सहित विभिन्न निर्धारित केंद्रों पर इसकी व्यवस्था की जाए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। 9 से 15 अगस्त के बीच स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों और स्मृति स्थलों पर श्रद्धांजलि एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर लखनऊ सहित सभी जिला मुख्यालयों पर विशेष प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा ग्राम पंचायतों के अमृत सरोवरों और ग्राम सचिवालयों में भी राष्ट्रभक्ति से जुड़े विशेष आयोजन कर लोगों को आजादी के इतिहास और राष्ट्रीय एकता के संदेश से जोड़ा जाए।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।