E-20 पेट्रोल के विरोध में AAP का टाउनहॉल, केजरीवाल ने सरकार पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (01 August 2026): नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आम आदमी पार्टी ने शनिवार को E-20 पेट्रोल के विरोध में टाउनहॉल कार्यक्रम आयोजित किया, जिसकी अगुवाई पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की आवाज की मिमिक्री करने वाले कलाकार श्याम रंगीला भी मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान E-20 पेट्रोल को लेकर नाटक का मंचन किया गया और लोगों को अपनी राय रखने का अवसर दिया गया। AAP का दावा है कि इस कार्यक्रम से देशभर के करीब छह लाख लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से जुड़े।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार E-20 पेट्रोल को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक सरकार ऐसी कोई ठोस वैज्ञानिक या तकनीकी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं कर पाई है, जिससे यह साबित हो सके कि E-20 पेट्रोल सभी वाहनों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने दावा किया कि पुराने वाहनों के मालिकों में इस फैसले को लेकर चिंता और नाराजगी बढ़ रही है।

केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2023 से पहले बने वाहनों में E-20 पेट्रोल की उपयुक्तता को लेकर देश की 29 वाहन निर्माता कंपनियों को पत्र लिखकर जवाब मांगा था, लेकिन किसी कंपनी ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब तक सरकार E-100 ईंधन नहीं लाती और E-20 को लेकर सभी सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं देती, तब तक नई पेट्रोल या डीजल कार खरीदने से बचें और संभव हो तो इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता दें।

आम आदमी पार्टी प्रमुख ने आरोप लगाया कि E-20 नीति भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के दबाव का हिस्सा है और इसे जनता पर थोपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को E-20 पेट्रोल के इस्तेमाल से किसी तरह की परेशानी हुई है, वे उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करें। साथ ही बताया कि E-20 के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है और 4 अगस्त को करीब 100 लोगों का प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री को यह ज्ञापन सौंपेगा।

कार्यक्रम के दौरान AAP ने मांग की कि देश के सभी पेट्रोल पंपों पर E-20 पेट्रोल के साथ-साथ सामान्य पेट्रोल भी अलग से उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं के पास विकल्प मौजूद रहे। इसके अलावा पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम करने की भी मांग उठाई गई। वहीं कार्यक्रम में मंच के पास एक कार को प्रतीकात्मक रूप से सजाकर E-20 से होने वाले कथित नुकसान को दर्शाने की कोशिश की गई, जो पूरे आयोजन के दौरान लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।