चेहल्लुम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने की तैयारी तेज: जारचा थाने में पुलिस-प्रशासन की बैठक
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (26/07/2026): आगामी चेहल्लुम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने एसीपी द्वितीय ग्रेटर नोएडा प्रशाली गंगवार के साथ थाना जारचा परिसर में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं संबंधित लोगों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा संबंधी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से त्योहार के शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग की अपील करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं को विस्तार से सुना। कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
डीसीपी रवि शंकर निम ने कहा कि चेहल्लुम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस प्रशासन सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक के बाद डीसीपी ने थाना जारचा के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अलग से समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, लगातार गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चेहल्लुम के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे और अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।