New Delhi News (25 July 2026): दिल्ली की वरिष्ठ भाजपा नेता और राजधानी की पहली भाजपा महिला मेयर रहीं शकुंतला आर्य का शनिवार को 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने दक्षिण दिल्ली के लाजपत नगर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में योगदान देने वाली शकुंतला आर्य को दिल्ली भाजपा की मजबूत नींव रखने वाले नेताओं में गिना जाता है। उनके निधन को पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
शकुंतला आर्य वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के समय से ही पार्टी से जुड़ी थीं और लगभग तीन दशकों तक दिल्ली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाती रहीं। वर्ष 1997-98 में उन्होंने दिल्ली की पहली भाजपा महिला मेयर बनने का गौरव हासिल किया। इसके अलावा वह दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की पहली प्रदेश अध्यक्ष भी रहीं। अपने राजनीतिक जीवन के दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी जैसे दिग्गज नेताओं के साथ संगठन को मजबूत करने का कार्य किया।
उनके निधन पर भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शकुंतला आर्य का संगठन निर्माण और महिला सशक्तिकरण में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि 1980 के दशक के अंत से लेकर वर्ष 2010 तक उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम किया। हर्ष मल्होत्रा ने उन्हें महिला नेतृत्व की प्रेरणादायक मिसाल बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
शकुंतला आर्य का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर 3:30 बजे लोधी रोड श्मशान घाट पर किया जाएगा। अंतिम संस्कार में दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शामिल होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भाजपा के स्थापना दिवस पर तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा और हर्ष मल्होत्रा स्वयं उनके लाजपत नगर स्थित आवास पर पहुंचे थे और उनके साथ भाजपा का ध्वज फहराकर उनके लंबे राजनीतिक योगदान का सम्मान किया था।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।