कलयुगी बेटों का खूनी खेल: जन्मदिन की रात मां-बाप की ली जान

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (22/07/2026): गाजियाबाद के भीमनगर इलाके में सामने आई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने रिश्तों की बुनियाद को झकझोर कर रख दिया। जिन माता-पिता ने अपने बेटों को पाल-पोसकर बड़ा किया, पढ़ाया-लिखाया और परिवार बसाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, उन्हीं पर उनके दो सगे बेटों ने कथित तौर पर ऐसा जानलेवा हमला किया कि दोनों की मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है, जबकि परिवार की दोनों बेटियां अपने माता-पिता के लिए इंसाफ की गुहार लगा रही हैं।

परिजनों के अनुसार, घटना 20 जुलाई की रात की है। आरोप है कि दोनों भाइयों ने शराब के नशे में अपने माता-पिता से विवाद के बाद उन पर बेरहमी से हमला कर दिया। पिता को बचाने पहुंचीं मां को भी नहीं बख्शा गया। दोनों पर गंभीर हमला करने के बाद उनकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

माता-पिता की मौत से टूट चुकी बड़ी बेटी दीपिका और छोटी बेटी ज्योति का दर्द हर किसी की आंखें नम कर रहा है। दोनों बहनों का कहना है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनके अपने भाई ही एक दिन मां-बाप के हत्यारे बन जाएंगे। दीपिका का कहना है कि उनके माता-पिता ने हमेशा बेटों की गलतियों को नजरअंदाज कर उन्हें सुधारने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार वही बेटे उनकी मौत का कारण बन गए। उन्होंने कहा कि जिन्होंने उनके माता-पिता के साथ इतनी क्रूरता की, उन्हें भी कानून के तहत सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

सूत्रों के अनुसार छोटी बहन ज्योति ने बताया कि दोनों भाई लंबे समय से शराब के आदी थे और अक्सर नशे में माता-पिता के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार करते थे। इसी वजह से बहनों का मायके आना-जाना भी कम हो गया था। घटना की सूचना मिलने पर पहले उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ, लेकिन घर पहुंचने के बाद जो दृश्य देखा, उसने पूरी जिंदगी बदल दी।

परिवार के लोगों के मुताबिक, घटना वाले दिन छोटे बेटे का जन्मदिन था। मां ने बेटे की लंबी उम्र की कामना करते हुए घर में कीर्तन कराया और परिवार के लिए विशेष भोजन भी तैयार किया। लेकिन देर शाम घर में शराब पीने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसा में बदल गई और पूरा परिवार बिखर गया।

रिश्तेदारों और पड़ोसियों के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से शराब के आदी थे। वे अक्सर माता-पिता के साथ झगड़ा करते थे और घर का माहौल तनावपूर्ण बना रहता था। परिवार का दावा है कि पहले भी घर में चोरी और विवाद जैसी घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन माता-पिता हर बार बेटों को समझाकर मामला शांत कर देते थे। बताया जा रहा है कि दोनों बेटों का वैवाहिक जीवन भी सामान्य नहीं था। घरेलू विवाद और कथित मारपीट के कारण उनकी पत्नियां काफी पहले अपने मायके चली गई थीं और अलग रह रही थीं।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही दोनों आरोपियों को घर से ही हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की। मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह हत्याकांड केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि पारिवारिक मूल्यों, नशे की लत और घरेलू हिंसा के गंभीर परिणामों की भयावह तस्वीर भी पेश करता है। समाज के लिए यह घटना एक चेतावनी है कि परिवार के भीतर लगातार बढ़ रहे विवादों और नशे की समस्या को समय रहते गंभीरता से लेना कितना आवश्यक है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।