जेपी पब्लिक स्कूल में सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन खेल प्रतियोगिता का आगाज़
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (21/07/2026): जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा में सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन–I लॉन टेनिस एवं शूटिंग (बालिका वर्ग) प्रतियोगिता 2026–27 का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल भावना, अनुशासन और उत्साह से सराबोर उद्घाटन समारोह में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आईं 1,400 से अधिक खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और टीम प्रबंधकों ने भाग लिया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरिश चंद्र यादव ने किया।
प्रतियोगिता में 772 शूटिंग खिलाड़ी और 742 लॉन टेनिस खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। इनके साथ 300 से अधिक कोच एवं टीम प्रबंधक तथा 80 तकनीकी अधिकारी और निर्णायक भी आयोजन से जुड़े हुए हैं। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी ने इस प्रतियोगिता को उत्तर भारत की प्रमुख स्कूल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में शामिल कर दिया है।
उद्घाटन समारोह में दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, ओलंपियन निशानेबाज दीपक कुमार, पूर्व अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी अंकिता भांबरी, Sequoia Fitness & Sports Technology के संस्थापक एवं कॉमनवेल्थ गेम्स दिल्ली के पूर्व अतिरिक्त महानिदेशक (टेक्नोलॉजी) सुजीत पाणिग्रही, जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली, राज्य स्तरीय निशानेबाज, शिक्षाविद एवं लेखिका शालिनी सिंह तथा पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं खेल प्रशासक रजनीश राय विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस अवसर पर जेपी स्कूल्स के महाप्रबंधक ग्रुप कैप्टन आनंद कुमार (सेवानिवृत्त), विद्यालय की प्रधानाचार्या मीता भंडुला, उप-प्रधानाचार्या अनीता पिल्लई, आयोजन सचिव एवं खेल विभागाध्यक्ष नीरज सिंह, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली खिलाड़ियों ने खेल भावना, निष्पक्षता और अनुशासन बनाए रखने की शपथ भी ली।

स्वागत संबोधन में प्रधानाचार्या मीता भंडुला ने कहा कि जेपी पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में शूटिंग, लॉन टेनिस, जिम्नास्टिक्स, गोल्फ और ताइक्वांडो जैसी खेल अकादमियां संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्य अतिथि गिरिश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से ईमानदारी, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने जेपी पब्लिक स्कूल द्वारा राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के उत्कृष्ट आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देश को भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह के दौरान सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह आयोजन युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन–I लॉन टेनिस एवं शूटिंग (बालिका वर्ग) प्रतियोगिता आगामी दिनों तक विभिन्न मुकाबलों के साथ जारी रहेगी। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के अनेक विद्यालयों की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से जेपी पब्लिक स्कूल खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवा खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाता रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।