Greater Noida News (21/07/2026): इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) की पहल के बाद ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने उद्योग विहार एक्सटेंशन, इकोटेक-2 औद्योगिक क्षेत्र में वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया है। क्षेत्र में डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। साथ ही सफाई, ड्रेनेज, सड़क, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण हटाने और हरित विकास समेत विभिन्न आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार की गई है।
IBA ने हाल ही में औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी बी. एस. को विस्तृत पत्र भेजा था। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सोमवार, 20 जुलाई को एजीएम आर. डी. पांडे के नेतृत्व में प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया।
मंगलवार को वरिष्ठ प्रबंधक (स्वास्थ्य) चेतराम सिंह, एजीएम आर. डी. पांडे, प्रबंधक रोहित गुप्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ दोबारा उद्योग विहार एक्सटेंशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का मौके पर आकलन करते हुए उनके स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।
निरीक्षण में प्राधिकरण की ओर से चेतराम सिंह, आर. डी. पांडे, रोहित गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं IBA की ओर से अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य चंचल कुमार और उद्यमी जेड रहमान ने भाग लिया। सभी ने विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर सहमति जताई।
इस मौके पर इकोटेक-3 के बाद अब उद्योग विहार एक्सटेंशन, इकोटेक-2 में भी डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस पहल का क्षेत्र के उद्यमियों ने स्वागत करते हुए इसे औद्योगिक क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
वरिष्ठ प्रबंधक (स्वास्थ्य) चेतराम सिंह ने बताया कि अगले पांच दिनों के भीतर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित सफाई अभियान, कूड़ा निस्तारण, ड्रेनेज सुधार और स्वच्छता से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे। इसके अलावा वर्क सर्किल सड़क मरम्मत और अतिक्रमण हटाने का कार्य करेगा, जबकि हॉर्टिकल्चर विभाग हरित पट्टी विकसित करने और पौधारोपण की जिम्मेदारी निभाएगा। विद्युत विभाग स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाएगा तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं पर भी तेजी से काम शुरू किया जाएगा।

बैठक में अधिकारियों ने यह भी आश्वस्त किया कि क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही चरणबद्ध तरीके से श्रमिक सुविधा केंद्र, सार्वजनिक शौचालय, हरित क्षेत्र, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, ताकि उद्योग विहार एक्सटेंशन को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सके।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि प्राधिकरण ने जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ उद्योगों की समस्याओं पर कार्रवाई शुरू की है, उससे उद्यमियों का भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन. जी. और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी बी. एस. के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि उद्योग विहार एक्सटेंशन सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों का भी जल्द व्यापक कायाकल्प होगा।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन. जी. ने कहा कि प्राधिकरण का लक्ष्य सभी औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाना है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता, ड्रेनेज, आधारभूत ढांचे और उद्यमियों की सुविधाएं प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इसी क्रम में इकोटेक-1, इकोटेक-2, इकोटेक-6, इकोटेक-11, उद्योग विहार, सेक्टर-130 सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन और विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी बी. एस. ने कहा कि प्राधिकरण औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ विकास कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उद्यमियों को बेहतर औद्योगिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
अंत में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन. जी., अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी बी. एस., एजीएम आर. डी. पांडे, वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह, प्रबंधक रोहित गुप्ता और प्राधिकरण की पूरी टीम का त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि इसी तरह की सक्रिय कार्यशैली से आने वाले समय में ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में स्वच्छता, आधारभूत ढांचे और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।