राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महाकुंभ में लगाएंगी आस्था की डुबकी

टेन न्यूज नेटवर्क

प्रयागराज, (9 फरवरी 2025): देश की प्रथम नागरिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, सोमवार को प्रयागराज में महाकुंभ के धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल का हिस्सा बनेंगी। वे आठ घंटे से अधिक समय तक इस पावन नगरी में रुकेंगी और संगम में स्नान के साथ अक्षयवट तथा बड़े हनुमान मंदिर के दर्शन करेंगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

संगम में करेंगी स्नान

राष्ट्रपति मुर्मू सुबह संगम नोज़ पहुंचकर त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगी। मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के इस पावन संगम में स्नान कर वे सनातन आस्था को मजबूती देंगी। बता दें कि इससे पहले भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद भी महाकुंभ में संगम स्नान कर चुके हैं।

अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में करेंगी पूजा

संगम स्नान के बाद राष्ट्रपति अक्षयवट का दर्शन करेंगी, जिसे सनातन परंपरा में अमरता का प्रतीक माना जाता है। पुराणों में भी इसका विशेष महत्व बताया गया है। इसके बाद वे बड़े हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।

डिजिटल महाकुंभ अनुभव केंद्र का अवलोकन

राष्ट्रपति महाकुंभ मेले को डिजिटल रूप से प्रदर्शित करने वाले “डिजिटल महाकुंभ अनुभव केंद्र” का भी दौरा करेंगी। इस केंद्र में आधुनिक तकनीक के जरिए महाकुंभ का पूरा इतिहास और उसकी भव्यता को दिखाया जा रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यह यात्रा प्रयागराज और महाकुंभ के लिए ऐतिहासिक होगी। उनकी उपस्थिति से महाकुंभ के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को नई ऊंचाई मिलेगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन उनकी यात्रा को सफल बनाने में जुटा हुआ है। राष्ट्रपति शाम करीब पौने छह बजे प्रयागराज से दिल्ली लौट जाएंगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।