दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत का जश्न, स्वाति मालीवाल ने क्यों कहा “बेशर्मी”
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (9 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर तनातनी और मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। कलकाजी विधानसभा सीट से AAP की विजयी उम्मीदवार और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना के रोड शो का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह अपनी जीत का जश्न मनाते हुए डांस कर रही हैं। इस पर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
स्वाति मालीवाल ने आतिशी के रोड शो और जश्न को लेकर कहा, “आतिशी को शर्म आनी चाहिए। उनकी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। सभी बड़े नेता चुनाव हार गए हैं, फिर भी वह अपनी जीत का जश्न मना रही हैं और नाच रही हैं। आखिर वह किस बात का जश्न मना रही हैं? क्या अपनी पार्टी की हार का?” मालीवाल का यह बयान पार्टी के भीतर मतभेदों को दर्शाता है। उन्होंने पहले भी पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए थे और अब आतिशी के जश्न पर सवाल उठाकर विवाद को और बढ़ा दिया है।
स्वाति मालीवाल ने दिल्ली सरकार की वित्तीय पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “जो लोग जनता के हित में जन लोकपाल लाने का वादा करके सत्ता में आए थे, उन्होंने मौजूदा नियमों को भी लागू नहीं किया।” उन्होंने मांग की कि “CAG रिपोर्ट को तुरंत विधानसभा में पेश किया जाना चाहिए और इस पर सख्त जांच होनी चाहिए।”
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को शानदार जीत मिली है और 48 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने अपना परचम लहराया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।