दिल्ली के 3,575 बस स्टॉप बनेंगे वर्ल्ड क्लास, 650 करोड़ से बदलेगी व्यवस्था
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (17 July 2026): राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली सरकार सितंबर से 3,575 बस क्यू शेल्टरों के व्यापक पुनर्विकास का काम शुरू करने की तैयारी में है। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत मौजूदा बस स्टॉप को लंदन और सिंगापुर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य बस स्टॉप को केवल इंतजार करने की जगह नहीं, बल्कि स्मार्ट, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक सुविधा केंद्र के रूप में तैयार करना है।
नई व्यवस्था के तहत बस स्टॉप पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक बस स्टॉप पर पैनिक अलार्म सिस्टम, रियल टाइम पब्लिक इंफॉर्मेशन सिस्टम, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, मौसम की जानकारी देने वाली स्क्रीन, सोलर पैनल, एलईडी लाइटें और डिजिटल विज्ञापन प्रणाली स्थापित की जाएगी। डिजिटल बोर्ड पर बसों के रूट, नंबर और आगमन का समय प्रदर्शित होगा, जिससे यात्रियों को बसों की जानकारी तुरंत मिल सकेगी और प्रतीक्षा का अनुभव बेहतर होगा।
यह पूरी परियोजना दिल्ली ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (डीटीआईडीसी) के माध्यम से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर लागू की जाएगी। इसके लिए जल्द ही एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्म नियुक्त की जाएगी, जो सभी बस शेल्टरों का सर्वे, डिजाइन और पुनर्विकास का कार्य करेगी। परियोजना के तहत चयनित कंपनी को 20 वर्षों तक बस स्टॉप के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी, ताकि सुविधाओं का स्तर लंबे समय तक बनाए रखा जा सके।
परियोजना के वित्तीय मॉडल के तहत संबंधित एजेंसी को बस शेल्टरों पर विज्ञापन प्रदर्शित करने के अधिकार दिए जाएंगे। इससे रखरखाव और संचालन के लिए आवश्यक राजस्व जुटाया जाएगा। टेंडर की शर्तों के अनुसार कार्यादेश जारी होने के छह महीने के भीतर सभी बस स्टॉप का पुनर्विकास पूरा करना होगा। सरकार का मानना है कि इससे सार्वजनिक परिवहन का ढांचा मजबूत होगा और यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।
दिल्ली सरकार पिछले कई महीनों से इस योजना की तैयारी कर रही थी। पिछले वर्ष परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने अधिकारियों को दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, नवी मुंबई के अलावा सिंगापुर और लंदन के आधुनिक बस शेल्टरों का अध्ययन कर राजधानी के लिए बेहतर मॉडल तैयार करने के निर्देश दिए थे। अब सितंबर से इस परियोजना के धरातल पर उतरने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि इस पहल से दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक आधुनिक, सुरक्षित, तकनीक आधारित और विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप बन सकेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।