RE-NEET UG 2026 का फाइनल रिजल्ट जारी, 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

National News (17 July 3026): नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने री-नीट यूजी 2026 परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। 21 जून को आयोजित इस दोबारा परीक्षा में करीब 22.79 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि लगभग 20 लाख छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। घोषित परिणाम के अनुसार 11.21 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा क्वालीफाई की है। छात्र अपना स्कोरकार्ड एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और कैप्चा की मदद से डाउनलोड कर सकते हैं।

इस वर्ष परीक्षा का स्तर अपेक्षाकृत कठिन रहने के कारण कोई भी अभ्यर्थी 720 में से पूर्ण अंक हासिल नहीं कर सका। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के प्रांशुल बंसल ने 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से देश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, 700 से अधिक अंक 19 विद्यार्थियों ने हासिल किए, जबकि 705 से अधिक अंक लाने वाले 17 टॉप रैंकर्स पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना से हैं।

कट-ऑफ में भी इस बार उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए क्वालीफाइंग अंक 213 निर्धारित किए गए हैं, जबकि ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 177 अंक तय किए गए हैं। शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में सामान्य वर्ग की कट-ऑफ में 69 अंकों और आरक्षित वर्ग की कट-ऑफ में 64 अंकों की वृद्धि हुई है, जो परीक्षा के बदलते मूल्यांकन और प्रतिस्पर्धा को दर्शाती है।

परिणाम के आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा में सफल होने वालों में छात्राओं का प्रदर्शन एक बार फिर छात्रों से बेहतर रहा। कुल सफल अभ्यर्थियों में करीब 58 प्रतिशत लड़कियां हैं। छात्राओं का क्वालीफाइंग प्रतिशत 56.8 रहा, जबकि लड़कों का 55.1 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके अलावा परीक्षा में शामिल होने वाले लगभग 93 प्रतिशत अभ्यर्थी पहली बार नीट दे रहे थे, जबकि 7 प्रतिशत रिपीटर थे। अधिकांश परीक्षार्थियों की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही।

राज्यों के अनुसार उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक करीब 1.70 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि लक्षद्वीप से केवल 46 अभ्यर्थी शामिल हुए। वहीं, 650 से अधिक अंक 1,492 विद्यार्थियों ने प्राप्त किए, 600 से अधिक अंक 10,160 अभ्यर्थियों को मिले और 500 से अधिक अंक हासिल करने वाले छात्रों की संख्या 90,780 रही। देश के 66 शहरों से 138 टॉप रैंकर्स सामने आए हैं, जबकि 17 राज्यों के स्टेट टॉपर्स ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

एनटीए ने परिणाम जारी करने से पहले फाइनल आंसर-की भी प्रकाशित की। इसमें फिजिक्स विषय का एक प्रश्न ड्रॉप किया गया, जबकि एक अन्य प्रश्न के दो विकल्प सही माने गए। यह प्रश्न इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेव्स से संबंधित था, जबकि ड्रॉप किया गया प्रश्न वर्नियर कैलिपर्स पर आधारित था। केमिस्ट्री और बायोलॉजी में किसी प्रश्न को न तो हटाया गया और न ही किसी प्रश्न के एक से अधिक उत्तर सही घोषित किए गए। अब सफल अभ्यर्थी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया का इंतजार करेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।