दिल्ली मेट्रो के 10 स्टेशनों पर खुलेंगे ‘अर्पण’ केंद्र, दिल्ली सरकार ने किया समझौता
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (15 July 2026): राजधानी दिल्ली में पुराने और अनुपयोगी कपड़ों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार ने एक नई पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में दिल्ली सरकार, डीएमआरसी, डीएमआरसी लेडीज वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (DLWO), राज्य शहरी आजीविका मिशन (SULM), ReSpun और Clothes Box Foundation के बीच Old Clothes Donation Project के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस परियोजना के तहत जल्द ही दिल्ली मेट्रो के 10 स्टेशनों पर ‘अर्पण’ केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां लोग अपने पुराने कपड़े दान कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल केवल पुराने कपड़ों के संग्रह तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन्हें रीसाइकिल और अपसाइकिल कर नया जीवन दिया जाएगा। इससे कपड़ों के कचरे में कमी आएगी, लैंडफिल पर दबाव घटेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान सतत विकास और स्वच्छ दिल्ली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
परियोजना के पहले चरण में शाहदरा, डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल, मालवीय नगर, हौज खास, द्वारका, मोहन एस्टेट, लाजपत नगर, मयूर विहार फेज-1, पंजाबी बाग वेस्ट और शालीमार बाग मेट्रो स्टेशनों पर ‘अर्पण’ केंद्र शुरू किए जाएंगे। इन केंद्रों का संचालन राज्य शहरी आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाएं करेंगी। उन्हें पुराने कपड़ों की रीसाइक्लिंग और अपसाइक्लिंग का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
पुराने कपड़े दान करने की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है। यात्री सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे के बीच किसी भी ‘अर्पण’ केंद्र पर जाकर वहां उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन करेंगे। इसके बाद उन्हें एक संक्षिप्त डिजिटल फॉर्म भरना होगा, जिसमें नाम, मोबाइल नंबर और दान किए जाने वाले कपड़ों का विवरण दर्ज करना होगा। कपड़ों की जांच और सत्यापन के बाद दानकर्ता को डिजिटल प्रमाणपत्र और विशेष धन्यवाद संदेश भी भेजा जाएगा। साथ ही सभी केंद्रों की ऑनलाइन रियल-टाइम ट्रैकिंग और रिपोर्टिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
दिल्ली सरकार का मानना है कि यह पहल सामाजिक भागीदारी, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगी। सरकार के अनुसार, पुराने कपड़ों से उपयोगी उत्पाद तैयार कर उनकी बिक्री की जाएगी, जिससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आय बढ़ेगी और कपड़ा अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा। यदि पहले चरण को अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है, तो भविष्य में इस अभियान का विस्तार दिल्ली के अन्य मेट्रो स्टेशनों तक भी किया जा सकता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।