जंतर-मंतर पहुंचीं पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, छात्रों के आंदोलन को दिया समर्थन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (13 July 2026): राजधानी के जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के प्रदर्शन को सोमवार को नया राजनीतिक समर्थन मिला, जब आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी आंदोलन में शामिल होने पहुंचीं। उनके साथ दिल्ली की पूर्व मेयर शैली ओबेरॉय और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग भी मौजूद रहे। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने प्रदर्शनकारी छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया और कहा कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की आवाज़ को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा कि जब देशभर के छात्र अपने अधिकारों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज़ उठा रहे हैं, तब विपक्ष का उनके साथ खड़ा होना लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के सवाल पर अब चुप्पी नहीं, बल्कि सरकार से जवाबदेही तय होनी चाहिए। उनके अनुसार, छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से सुनना और उनका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
अपने संबोधन में आतिशी ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव की मिसाल पेश करने वाले सोनम वांगचुक पिछले 15 से 16 दिनों से भीषण गर्मी में अनशन पर बैठे हैं। आतिशी ने दावा किया कि इस दौरान उनका वजन साढ़े आठ किलोग्राम से अधिक कम हो गया है, ब्लड शुगर 60–70 के स्तर तक पहुंच गई है और रक्तचाप भी काफी गिर चुका है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी स्थिति किसी आम व्यक्ति की होती तो उसे अब तक अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती करना पड़ता।
आतिशी ने कहा कि सोनम वांगचुक किसी व्यक्तिगत लाभ या परीक्षा से जुड़े मुद्दे के लिए नहीं, बल्कि देश के युवाओं और उनके भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने लंबे समय से अनशन के बावजूद केंद्र सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। वहीं, जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है और अब इस आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का समर्थन भी मिलने लगा है, जिससे आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
इस दौरान आतिशी ने गोवा की उन ग्रामीणों के आंदोलन में भी शामिल हुई जहां कारापुर के पुरुष और महिलाएं लगातार 100 दिन से आंदोलनरत हैं। उनकी मांग है कि सरकार कारापुर गांव में पर्यावरण को क्षति पहुंचाकर वहां पर कारखाने स्थापित करना चाहती है। इसी के खिलाफ कारापुर गांव की महिलाएं जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रही हैं। प्रदर्शन में शामिल होकर अतिशी ने कहा कि एक महीने पहले मैं और अरविंद केजरीवाल तथा गोवा के विधायकों के साथ कारापुर गए थे।लोग कहते हैं की न जाने स्वर्ग कैसा होगा तो मैं बताती हूं कि अगर आपको स्वर्ग देखना है तो शायद वह स्वर्ग कारापुर गांव जैसा ही होगा। उन्होंने समर्थन देते हुए कहा कि मैं और हमारी पार्टी पूरी तरह से कारापुर गांव के लोगों के साथ है और उनके साथ अन्याय नहीं होने देगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।