दक्षिण कोरिया के क्वांगवून विश्वविद्यालय से गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का ऐतिहासिक समझौता

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (09/07/2026): गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए दक्षिण कोरिया के सियोल स्थित क्वांगवून विश्वविद्यालय के प्लाज्मा बायोसाइंस रिसर्च सेंटर (PBRC) और प्लासदे इन्कॉर्पोरेशन के साथ पांच वर्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के माध्यम से प्लाज्मा विज्ञान, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी विकास के क्षेत्रों में दोनों संस्थान संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।

यह एमओयू गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की वैश्विक स्तर पर शोध एवं अकादमिक सहयोग को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। समझौते पर विश्वविद्यालय की ओर से कार्यवाहक कुलसचिव एवं डीन अकादमिक्स प्रो. राजीव वर्श्नेय तथा क्वांगवून विश्वविद्यालय के प्लाज्मा बायोसाइंस रिसर्च सेंटर के अध्यक्ष एवं प्लासदे इन्कॉर्पोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. यून हा चोई ने हस्ताक्षर किए।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यह साझेदारी केवल दो संस्थानों के बीच सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वैश्विक स्तर पर वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और वैज्ञानिकों को अंतरराष्ट्रीय शोध परियोजनाओं में भागीदारी, आधुनिक प्रयोगशालाओं तक पहुंच तथा अत्याधुनिक तकनीकों पर कार्य करने का अवसर मिलेगा। इससे विश्वविद्यालय की वैश्विक शैक्षणिक पहचान और अधिक मजबूत होगी।

कार्यवाहक कुलसचिव एवं डीन अकादमिक्स प्रो. राजीव वर्श्नेय ने कहा कि ज्ञान के आदान-प्रदान और संयुक्त अनुसंधान के माध्यम से यह सहयोग नवाचार आधारित शिक्षा को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि प्लाज्मा विज्ञान से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं के माध्यम से शोधकर्ताओं को नई तकनीकों और आधुनिक अनुसंधान पद्धतियों पर कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी शोध क्षमता का विस्तार होगा।

क्वांगवून विश्वविद्यालय के प्लाज्मा बायोसाइंस रिसर्च सेंटर के अध्यक्ष एवं प्लासदे इन्कॉर्पोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. यून हा चोई ने कहा कि वर्तमान समय की वैज्ञानिक और तकनीकी चुनौतियों का समाधान अंतरराष्ट्रीय सहयोग और संयुक्त अनुसंधान से ही संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समझौता दोनों संस्थानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध परियोजनाओं, नवाचार कार्यक्रमों और वित्तीय सहायता प्राप्त करने के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।

इस समझौते के तहत दोनों संस्थान प्लाज्मा डिवाइस एवं डायग्नोस्टिक्स, मटेरियल साइंस, प्लाज्मा प्रोसेसिंग, हेल्थकेयर और लाइफ साइंस में प्लाज्मा आधारित अनुप्रयोग, प्लाज्मा एग्रीकल्चर, लो-टेम्परेचर प्लाज्मा टेक्नोलॉजी, प्लाज्मा आधारित अपशिष्ट प्रबंधन, अंतरिक्ष विज्ञान, इलेक्ट्रिक थ्रस्टर तकनीक, कंप्यूटर साइंस, इंजीनियरिंग तथा अन्य सहमति वाले अनुसंधान क्षेत्रों में मिलकर कार्य करेंगे।

ऐतिहासिक समझौता

एमओयू के अंतर्गत फैकल्टी सदस्यों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही संयुक्त अनुसंधान एवं विकास परियोजनाएं, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेमिनार तथा शोध प्रकाशनों का भी आयोजन किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को वैश्विक स्तर पर सीखने और अनुसंधान करने के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे।

इस समझौते की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता इसका व्यापक संस्थागत दायरा है। इसके तहत गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सभी स्कूल, विभाग और अनुसंधान केंद्र इस सहयोग का लाभ उठा सकेंगे। वहीं, क्वांगवून विश्वविद्यालय का प्लाज्मा बायोसाइंस रिसर्च सेंटर और प्लासदे इन्कॉर्पोरेशन अपने अंतरराष्ट्रीय सहयोगी विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के नेटवर्क के माध्यम से बहुविषयक अनुसंधान और शैक्षणिक सहयोग के लिए एक मजबूत वैश्विक मंच उपलब्ध कराएंगे।

समझौता हस्ताक्षर समारोह का संचालन विश्वविद्यालय की डीन, प्लानिंग एंड रिसर्च प्रो. एस. धनलक्ष्मी ने किया। कार्यक्रम में क्वांगवून विश्वविद्यालय के प्लाज्मा बायोसाइंस रिसर्च सेंटर के उपाध्यक्ष प्रो. नागेंद्र कुमार कौशिक, प्लासदे इन्कॉर्पोरेशन के निदेशक मंडल के सदस्य, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विभिन्न संकाय सदस्य तथा वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता भारत और दक्षिण कोरिया के बीच शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान करेगा। साथ ही उन्नत अनुसंधान, तकनीकी विकास, क्षमता निर्माण और मानव संसाधन विकास के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।

गौरतलब है कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय पिछले कुछ वर्षों से विश्व के प्रतिष्ठित शिक्षण एवं शोध संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। यह नया अंतरराष्ट्रीय समझौता विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट अनुसंधान, नवाचार और वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।