यथार्थ हॉस्पिटल की आधुनिक EVAR तकनीक ने 63 वर्षीय मरीज को दी नई जिंदगी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (08/07/2026): आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञ डॉक्टरों की समन्वित टीम ने एक बार फिर गंभीर मरीज को नई जिंदगी देने में सफलता हासिल की है। यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नोएडा एक्सटेंशन में 63 वर्षीय एक मरीज का अत्यंत जटिल स्थिति में सफल उपचार किया गया। अस्पताल के अनुसार, जब मरीज को यहां लाया गया था तब उसके बचने की संभावना महज एक प्रतिशत रह गई थी। इससे पहले मरीज को 25 यूनिट से अधिक रक्त चढ़ाया जा चुका था और दिल्ली के दो बड़े अस्पताल उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार करने में असमर्थता जता चुके थे।
अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि मरीज पिछले करीब 15 दिनों से लगातार पीठ दर्द, अत्यधिक कमजोरी और मल के साथ खून आने की समस्या से जूझ रहा था। कई बार इलाज के बावजूद रक्तस्राव बंद नहीं हो रहा था, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। जांच के दौरान पता चला कि मरीज की पेट की मुख्य रक्त वाहिनी (एब्डॉमिनल एओर्टा) में एब्डॉमिनल एओर्टिक एन्यूरिज्म (AAA) विकसित हो गया था। इसके कारण एओर्टा और छोटी आंत के बीच एओर्टोएंटरिक फिस्टुला बन गया था, जिससे लगातार आंतरिक रक्तस्राव हो रहा था और खून मल के रास्ते बाहर निकल रहा था। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते मरीज का ब्लड प्रेशर भी खतरनाक स्तर तक गिर चुका था।

डॉक्टरों के अनुसार, शुरुआती जांच में एंडोस्कोपी के दौरान छोटी आंत में कई अल्सर मिले थे। तत्काल राहत देने के लिए आर्गन प्लाज्मा कोएगुलेशन (APC) तकनीक से रक्तस्राव को अस्थायी रूप से नियंत्रित किया गया। हालांकि, बीमारी का मूल कारण समाप्त न होने के कारण कुछ समय बाद फिर से ब्लीडिंग शुरू हो गई और मरीज की स्थिति पहले से अधिक गंभीर हो गई।
यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पहुंचने पर मरीज को तुरंत क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती किया गया। इसके बाद कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (CTVS), गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, क्रिटिकल केयर और मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञों ने संयुक्त रूप से उपचार की रणनीति तैयार की। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए 20 जून 2026 को आधुनिक EVAR (Endovascular Aortic Repair) तकनीक के माध्यम से सफल ऑपरेशन किया गया। इस प्रक्रिया के बाद रक्तस्राव लगभग पूरी तरह नियंत्रित हो गया और मरीज की हालत में तेजी से सुधार आने लगा।
उपचार के बाद डॉक्टर लगातार मरीज की निगरानी करते रहे। 23 जून को की गई कैप्सूल एंडोस्कोपी में पाया गया कि छोटी आंत के अल्सर तेजी से भर रहे हैं और कहीं भी नए रक्तस्राव के संकेत नहीं हैं। आवश्यक दवाओं, विशेषज्ञ देखभाल और नियमित मॉनिटरिंग के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नोएडा एक्सटेंशन के डायरेक्टर-कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी डॉ. जीवन पिल्लई ने बताया कि एब्डॉमिनल एओर्टिक एन्यूरिज्म एक बेहद खतरनाक बीमारी है, जिसके शुरुआती लक्षण अक्सर सामान्य दर्द की तरह दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सही जांच और उपचार न मिले तो यह जानलेवा साबित हो सकती है। इस मामले में आधुनिक EVAR तकनीक और विभिन्न विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय ने मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने लोगों से अपील की कि लगातार पेट या पीठ में दर्द, मल के साथ खून आना या अचानक अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षणों को कभी नजरअंदाज न करें और तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करें।
वहीं, कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं हेपेटोलॉजी डॉ. हार्दिक आहूजा ने कहा कि यह मामला चिकित्सकीय दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण था क्योंकि मरीज में लगातार आंत से रक्तस्राव हो रहा था। एंडोस्कोपी, APC उपचार और कैप्सूल एंडोस्कोपी जैसी आधुनिक जांचों की मदद से रक्तस्राव के वास्तविक कारण का पता लगाया गया। इसके बाद गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और CTVS विभाग के संयुक्त प्रयासों से रक्तस्राव को पूरी तरह नियंत्रित किया गया, जिससे मरीज सुरक्षित रूप से स्वस्थ होकर अपने घर लौट सका।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यह मामला इस बात का उदाहरण है कि यदि गंभीर मरीजों का समय पर सही निदान किया जाए और विभिन्न विशेषज्ञ विभाग मिलकर आधुनिक तकनीकों का उपयोग करें तो बेहद नाजुक परिस्थितियों में भी मरीजों की जान बचाई जा सकती है। गौरतलब है कि यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नोएडा एक्सटेंशन यथार्थ ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स का 450 बेड वाला टर्शियरी केयर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है, जो नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।