ग्रेटर नोएडा में स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों पर चढ़ी बेकाबू कार, 3 छात्र समेत 4 घायल
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (08/07/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन स्कूली बच्चे और एक महिला घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कार चला रही महिला सोसायटी से बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए बाहर निकल रही थी। इसी दौरान वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि ब्रेक लगाने की बजाय गलती से एक्सीलेटर दब जाने के कारण कार तेजी से आगे बढ़ी और सड़क किनारे खड़ी स्कूटी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी उछलकर वहां खड़े बच्चों पर गिर गई। हादसे के बाद चालक महिला मौके से चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय कई बच्चे स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सोसायटी के निवासियों का कहना है कि स्कूल के समय यहां बच्चों की भीड़ रहती है, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से लगातार हादसों का खतरा बना रहता है।
घटना को लेकर कुछ लोगों ने दावा किया कि कार चला रही महिला का ध्यान मोबाइल फोन पर था, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। बिसरख पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
हादसे के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल समय के दौरान सोसायटी के बाहर ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।