नोएडा की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर फोनरवा ने डीसीपी ट्रैफिक को सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (07/07/2026): नोएडा शहर में लगातार बढ़ रही यातायात संबंधी समस्याओं को लेकर फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने मंगलवार को पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी चिंताएं रखीं। फोनरवा के प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी (यातायात) अभय कुमार मिश्रा से मुलाकात कर शहर के विभिन्न सेक्टरों में ट्रैफिक जाम, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा और ऑटो के अनियंत्रित संचालन सहित कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान संगठन की ओर से विभिन्न आरडब्ल्यूए से प्राप्त सुझावों और शिकायतों को समाहित करते हुए एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा गया।
बैठक के दौरान फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि नोएडा की बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के अनुरूप यातायात प्रबंधन में आवश्यक सुधार नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों पर रोजाना लगने वाले जाम, सड़क किनारे अतिक्रमण, अवैध पार्किंग तथा बिना नियमन के संचालित हो रहे ई-रिक्शा और ऑटो आम नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी बन चुके हैं। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए नियमित और प्रभावी अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
फोनरवा के महासचिव के. के. जैन ने बैठक में कई व्यावहारिक सुझाव रखते हुए कहा कि शहर के व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जानी चाहिए। इसके साथ ही अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित कार्रवाई, ई-रिक्शा और ऑटो के लिए निर्धारित स्टैंड विकसित करने तथा स्कूलों, अस्पतालों और बाजारों के आसपास विशेष ट्रैफिक प्रबंधन व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि ट्रैफिक सिग्नलों और दिशा-सूचक संकेतकों को आधुनिक बनाया जाए ताकि यातायात अधिक व्यवस्थित हो सके।
उन्होंने यह मुद्दा भी उठाया कि कई सेक्टरों में सड़क किनारे निजी बसों के खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है और स्थानीय निवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अलग से बस स्टैंड विकसित करने की मांग भी बैठक में रखी गई।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-117 के अध्यक्ष कोसिंदर यादव ने सेक्टर-80 फेज-2 से सेक्टर-112 की ओर स्थित एफएनजी चौराहे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वहां ट्रैफिक सिग्नल नहीं होने के कारण विशेष रूप से सुबह के समय लंबा जाम लगता है। उन्होंने इस चौराहे पर शीघ्र ट्रैफिक सिग्नल स्थापित करने की मांग की, जिससे यातायात सुचारु हो सके।
वहीं, आरडब्ल्यूए सेक्टर-55 के अध्यक्ष सतनारायण गोयल ने रेडिएंट एकेडमी के आसपास उत्पन्न होने वाली ट्रैफिक समस्या का समाधान सुझाते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया जाए कि अभिभावक बच्चों को केवल गेट नंबर-8 तक ही छोड़ें। इसके बाद स्कूल के कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड बच्चों को सुरक्षित रूप से परिसर के भीतर पहुंचाएं तथा छुट्टी के समय भी उन्हें गेट तक लाकर अभिभावकों को सौंपें। उनका कहना था कि इससे आवासीय गलियों में वाहनों की आवाजाही कम होगी और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।
आरडब्ल्यूए सेक्टर-122 (5 प्रतिशत) के महासचिव भूषण शर्मा ने पार्थला फ्लाईओवर से पहले नया यू-टर्न बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से सेक्टर-71, क्लियो काउंटी और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहनों का दबाव वर्तमान यू-टर्न पर कम होगा, जिससे सेक्टर-117, 119, 120 और 122 के निवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।
बैठक में आरडब्ल्यूए सेक्टर-36 की अध्यक्ष अनीता ने सेक्टर-31 और सेक्टर-36 को जोड़ने वाली सड़क पर डिवाइडर नहीं होने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार से चलने वाली स्कूल बसों और रोडवेज बसों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने सड़क पर डिवाइडर और फुटपाथ का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की।
बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने, गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा ट्रैफिक पुलिस और आरडब्ल्यूए के बीच नियमित समन्वय बैठकें आयोजित करने का सुझाव भी दिया गया, ताकि स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
डीसीपी (यातायात) अभय कुमार मिश्रा ने फोनरवा द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक और व्यावहारिक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शहर में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। बैठक में फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, महासचिव के. के. जैन, विजय भाटी, श्याम सिंह यादव, जी.एस. सचदेवा, ओमवीर बंसल, कोसिंदर यादव, अनीता, भूषण शर्मा, गोविंद शर्मा, सतनारायण गोयल, आर.के. सिंह, रामपाल भाटी सहित विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।