सिर्फ समस्याएं नहीं, समयबद्ध समाधान हमारी प्राथमिकता: IIA अध्यक्ष सरबजीत सिंह, उद्योगों के लिए गिनाईं नई कार्ययोजना
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (06/07/2026): इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के ग्रेटर नोएडा चैप्टर की 34वीं मंथन संगोष्ठी सोमवार को रॉयल हैबिटेट सेंटर, ग्रेटर नोएडा में आयोजित की गई। वर्ष 2026-27 के नए कार्यकाल की शुरुआत के बाद होने वाली यह पहली संगोष्ठी औद्योगिक विकास, श्रमिक कल्याण, नई औद्योगिक नीतियों, सरकारी समन्वय और भविष्य की रणनीति पर मंथन का प्रमुख मंच बनी। कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों, सरकारी अधिकारियों और IIA के सदस्यों की भागीदारी रही।

संगोष्ठी में IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर की नई कार्यकारिणी आगामी वर्ष के लिए संगठन की प्राथमिकताओं, उद्योगों के सामने मौजूद चुनौतियों और उनके समाधान की रूपरेखा प्रस्तुत किया गया। संगठन का उद्देश्य उद्योगों की समस्याओं को केवल उठाना नहीं, बल्कि उनके व्यावहारिक एवं समयबद्ध समाधान के लिए प्रशासन और उद्योगों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है।
‘परिणाम देने वाली कार्यशैली’ पर रहेगा पूरा फोकस : सरबजीत सिंह
नवनियुक्त IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर के अध्यक्ष सरबजीत सिंह ने कहा कि, नई कार्यकारिणी केवल औपचारिक जिम्मेदारी निभाने के लिए नहीं, बल्कि उद्योगों के हित में परिणाम देने के उद्देश्य से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की पूरी टीम पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुख कार्यशैली के साथ उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, मैं राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने एक बार फिर मुझ पर विश्वास जताते हुए इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का दायित्व सौंपा है। मैं सभी उद्यमियों को भरोसा दिलाता हूं कि हमारी टीम पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली के साथ काम करेगी। हमारा उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके व्यावहारिक और समयबद्ध समाधान के लिए शासन, प्रशासन और उद्योगों के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करना है।

श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को मिलेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
सरबजीत सिंह ने कहा कि, हाल के समय में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक असंतोष जैसी परिस्थितियां देखने को मिली थीं। इन्हीं अनुभवों को ध्यान में रखते हुए नई कार्यकारिणी ने श्रमिक स्वास्थ्य और कल्याण को अपनी पहली प्राथमिकताओं में शामिल किया है।
उन्होंने कहा, हमारा प्रयास रहेगा कि ग्रेटर नोएडा के प्रमुख अस्पतालों को ESIC पैनल में शामिल कराया जाए, ताकि औद्योगिक श्रमिकों को उपचार के लिए 25 से 40 किलोमीटर दूर न जाना पड़े। यदि स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तो श्रमिकों का समय बचेगा, उनका विश्वास बढ़ेगा और उद्योगों में बेहतर कार्य वातावरण विकसित होगा। औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और मेडिकल कैंप आयोजित कराने की दिशा में भी संगठन सक्रिय पहल करेगा, जिससे कर्मचारियों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और उद्योगों में सुरक्षित एवं अनुशासित कार्य संस्कृति विकसित हो।
सरकारी विभागों के साथ होगा नियमित संवाद
IIA अध्यक्ष ने कहा कि बिजली, श्रम, GST, प्रदूषण नियंत्रण, अग्निशमन, पुलिस तथा अन्य सरकारी विभागों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए संगठन नियमित बैठकें आयोजित करता रहा है और भविष्य में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। उद्योगों की अधिकांश समस्याओं का समाधान बेहतर संवाद और समन्वय से संभव है। इसलिए हम संबंधित विभागों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करेंगे, ताकि उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
AI, ऑटोमेशन और वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर रहेगा विशेष जोर
सरबजीत सिंह ने कहा कि, तेजी से बदलते औद्योगिक परिवेश में MSME इकाइयों को नई तकनीकों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि संगठन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमेशन, डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों को छोटे एवं मध्यम उद्योगों तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा।
उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि हमारे MSME उद्योग तकनीकी रूप से सशक्त बनें और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हों। साथ ही वित्तीय सहायता, निर्यात के अवसर और नए बाजारों तक पहुंच बढ़ाने के लिए भी संगठन लगातार प्रयास करेगा, ताकि स्थानीय उद्योग वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकें। अपने संबोधन के अंत में सरबजीत सिंह ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी शक्ति उसके सदस्य होते हैं। उन्होंने सभी उद्यमियों से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, IIA की मजबूती उसके सदस्यों के विश्वास, सहयोग और सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम सभी मिलकर ग्रेटर नोएडा चैप्टर को उद्योगों का सबसे प्रभावशाली मंच बनाएंगे। हमारी टीम केवल वादे नहीं करेगी, बल्कि परिणाम देने का हरसंभव प्रयास करेगी। आइए, सामूहिक प्रयास, विश्वास और सहभागिता के साथ वर्ष 2026-27 को उद्योगों के लिए नई उपलब्धियों और नए इतिहास का वर्ष बनाएं।
IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर ने सभी सदस्यों से समय पर संगोष्ठी में पहुंचकर अपने सुझाव और विचार साझा करने की अपील की है। संगठन का मानना है कि सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से उद्योगों के हित में ठोस निर्णय लिए जा सकेंगे और आगामी कार्यकाल की दिशा तय होगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।