ग्रेटर नोएडा में IIA की बड़ी बैठक, उद्योगों के भविष्य पर होगा मंथन.

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (06/07/2026): इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के ग्रेटर नोएडा चैप्टर की 34वीं मंथन संगोष्ठी का आयोजन सोमवार, 6 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे रॉयल हैबिटेट सेंटर, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। नए कार्यकाल (2026-27) की शुरुआत के बाद आयोजित होने वाली यह पहली संगोष्ठी उद्योग जगत से जुड़े सदस्यों, विशेषज्ञों और सरकारी अधिकारियों के बीच संवाद, सुझाव और भविष्य की कार्ययोजना तय करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी।

संगोष्ठी में IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर की नई टीम आगामी वर्ष के लिए संगठन की प्राथमिकताओं, औद्योगिक विकास, सदस्य हितों और विभिन्न चुनौतियों पर चर्चा करेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को अधिक सक्रिय, प्रभावी और उद्योग-केंद्रित बनाते हुए सदस्यों की सहभागिता को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में गौतमबुद्ध नगर के अपर श्रम आयुक्त राकेश द्विवेदी उपस्थित रहेंगे। वे नए श्रम संहिताओं (New Labour Codes) के प्रमुख प्रावधानों, उनके प्रभावी क्रियान्वयन तथा उद्योगों पर पड़ने वाले प्रभाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देंगे। साथ ही उद्योग प्रतिनिधियों के सवालों का भी जवाब देंगे।

संगोष्ठी में डॉ. ब्रिगेडियर राकेश गुप्ता, निदेशक, GIMS ग्रेटर नोएडा भी शामिल होंगे। वे औद्योगिक कर्मचारियों के लिए GIMS में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी देंगे। इसके अलावा हरि प्रणय सिन्हा, इंश्योरेंस कमिश्नर (East & North East Zone), ESIC अपनी वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे ESIC की नई योजनाओं, उद्योगों और कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी साझा करेंगे और सदस्यों की जिज्ञासाओं का समाधान भी करेंगे।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के दौरान IDFC FIRST Bank उद्योगों के लिए उपलब्ध बैंकिंग और वित्तीय समाधानों पर प्रस्तुति देगा, जबकि Astros Enterprises (Tata Solar) औद्योगिक इकाइयों के लिए आधुनिक, ऊर्जा-कुशल और किफायती सौर ऊर्जा समाधानों की जानकारी साझा करेगा।

IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर ने सभी सदस्यों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपने सुझाव और विचार साझा करने की अपील की है। संगठन का मानना है कि सदस्यों की सक्रिय भागीदारी, अनुभव और मार्गदर्शन से नए कार्यकाल की पहली मंथन संगोष्ठी उद्योगों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेने और भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।