Delhi Election Results: दिल्ली में बीजेपी की बड़ी बढ़त, सत्ता वापसी के करीब, AAP पिछड़ी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (08 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव की वोटों की गिनती के शुरुआती तीन घंटे पूरे हो चुके हैं, और अब तक के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को जबरदस्त बढ़त मिलती दिख रही है। गिनती शुरू होते ही पहला रुझान बीजेपी के पक्ष में आया था, हालांकि कुछ देर बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी खाता खोल लिया। शुरुआती आधे घंटे तक दोनों पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन जैसे-जैसे गिनती आगे बढ़ी, बीजेपी ने अपनी बढ़त मजबूत कर ली।
दो घंटे की गिनती के बाद के आंकड़ों के अनुसार, बीजेपी 42 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आम आदमी पार्टी 28 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
नई दिल्ली सीट पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की स्थिति उतार-चढ़ाव भरी रही। पहले वे पीछे चल रहे थे, फिर दूसरे घंटे में बढ़त बनाई, लेकिन हालिया अपडेट के अनुसार वे फिर से पिछड़ गए हैं। इस सीट पर परवेश वर्मा और केजरीवाल के बीच करीबी मुकाबला जारी है। दूसरी ओर, जंगपुरा सीट से मनीष सिसोदिया ने बढ़त बना ली है, जबकि कालकाजी सीट पर मुख्यमंत्री आतिशी अब भी पीछे चल रही हैं।
अगर मौजूदा रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो बीजेपी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी कर सकती है। दिल्ली की कुल 70 विधानसभा सीटों में से बहुमत के लिए 36 सीटें चाहिए, और बीजेपी इस आंकड़े को पार करती दिख रही है। अधिकांश एग्जिट पोल में भी बीजेपी को बढ़त मिलती दिखाई गई थी, जो अब सही साबित होती नजर आ रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।