दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, पीएम मोदी बोले- “जनशक्ति सर्वोपरि!”
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (07 फरवरी, 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रचंड जीत पर दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत सुशासन और विकास की जीत है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को @BJP4India को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार।”
उन्होंने दिल्ली के विकास को लेकर भी बड़े वादे किए। पीएम मोदी ने कहा, “दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो।”
भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मुझे @BJP4India के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।”
भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल है और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
टिप्पणियाँ बंद हैं।