नोएडा में कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट, जारी की एडवाइजरी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (05/07/2026): कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नोएडा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को सेंट्रल नोएडा पुलिस प्रशासन की ओर से आम नागरिकों, डीजे संचालकों और कांवड़ शिविर आयोजकों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने सभी से प्रशासन का सहयोग करने और नियमों का पालन करने की अपील की।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने की। बैठक में एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह और एसीपी राजीव कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित होंगी।

बैठक में डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुरूप ही ध्वनि उपकरणों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। वहीं, शिविर आयोजकों से कहा गया कि वे केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही कांवड़ शिविर स्थापित करें, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न हो और श्रद्धालुओं के साथ आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बरसात के मौसम को देखते हुए पुलिस ने शिविरों में लगाए जाने वाले बिजली के उपकरणों की सुरक्षा पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक शिविर में प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल किट उपलब्ध रखना अनिवार्य बताया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।