दिल्ली में वर्क फ्रॉम होम खत्म, सरकारी ऑफिस टाइमिंग में भी किया गया बदलाव

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (04 July 2026): दिल्ली सरकार ने मई से लागू वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को समाप्त करने का फैसला किया है। इसके तहत अब सरकारी कर्मचारियों को बुधवार और शनिवार को घर से काम करने की सुविधा नहीं मिलेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया कि जियो-पॉलिटिकल हालात के सामान्य होने के बाद यह निर्णय लिया गया है। इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किए जा रहे हैं, जिसके बाद सभी विभागों में नई व्यवस्था लागू हो जाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यालय ने कहा कि अब परिस्थितियां लगभग सामान्य हो चुकी हैं, ऐसे में प्रशासनिक कार्यों को पूरी क्षमता के साथ संचालित करना जरूरी है। सरकार का मानना है कि कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति से कामकाज में तेजी आएगी और जनता को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी। इससे पहले प्रदूषण, ट्रैफिक और ईंधन बचत के उद्देश्य से वर्क फ्रॉम होम और ‘मेट्रो मंडे’ जैसी पहल शुरू की गई थी।

वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था खत्म करने के साथ ही दिल्ली सरकार ने ऑफिस टाइमिंग में भी बदलाव किया है। नए आदेश के अनुसार, दिल्ली सरकार के सभी कार्यालय अब सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक संचालित होंगे। हालांकि, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कार्यालयों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वे पहले की तरह सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुले रहेंगे।

गौरतलब है कि मई महीने में ये कदम पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच उठाए गए थे। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आर्थिक मजबूती के लिए ईंधन बचत और मितव्ययिता पर जोर दिया था। अब हालात में सुधार के बाद दिल्ली सरकार ने इन अस्थायी व्यवस्थाओं को वापस लेने का फैसला किया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।