Noida News (03/07/2026): नोएडा पुलिस ने पीजी, किराए के मकानों और फ्लैटों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, छह लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 12,500 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी के सामान को या तो कम कीमत पर बेच देता था या फिर कूरियर के माध्यम से अपने गृह राज्य तमिलनाडु भेज देता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले की जांच के दौरान आरोपी तक पहुंचा गया। शिकायतकर्ता ने बताया था कि कमरे का दरवाजा खुला रहने का फायदा उठाकर चोर चार लैपटॉप, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान लेकर फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच तेज की और सेक्टर-131 के पास पुश्ता रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान तमिलनाडु के तिरुपत्तूर जिले के रहने वाले बालन गोविंदन के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, वह लंबे समय से नोएडा और एनसीआर में सक्रिय था। आरोपी पहले कई दिनों तक पीजी, किराए के मकानों और फ्लैटों की रेकी करता था। वह ऐसे स्थानों को निशाना बनाता था, जहां सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होती थी या लोग लापरवाही के कारण दरवाजे खुले छोड़ देते थे। मौका मिलते ही वह वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल रेकी करने और वारदात के बाद फरार होने के लिए करता था। कई बार वह अपनी पहचान छिपाने के लिए ऐप-आधारित बाइक सेवाओं का भी सहारा लेता था। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क और संभावित साथियों के बारे में भी गहन जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घर या कमरे से बाहर निकलते समय दरवाजे और ताले अच्छी तरह जांच लें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।