नोएडा में 12वीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, ठेकेदार पर शव छिपाने का आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (23/10/2026): सेक्टर-115 स्थित निर्माणाधीन आइवरी काउंटी परियोजना में गुरुवार रात एक मजदूर की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 23 वर्षीय जावेद हुसैन के रूप में हुई है। वह निर्माण स्थल पर फोरमैन और लेबर इंचार्ज के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों और मृतक के परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजनों और मजदूरों का आरोप है कि हादसे के बाद मृतक के शव को मलबे में छिपाकर वहां से हटाने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि घटना के बाद उन्हें शव देखने तक नहीं दिया गया और शव को ले जाने की जानकारी भी परिजनों को नहीं दी गई। आरोप यह भी है कि घटना के बाद से ठेकेदार मौके पर मौजूद नहीं है।

घटना से नाराज मजदूरों ने शुक्रवार को निर्माण स्थल पर काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने हादसे की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई। मजदूरों का कहना है कि निर्माण स्थल पर हुई इस घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाना जरूरी है।

मामले की सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मजदूर की मौत के कारणों और शव छिपाने के लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले को लेकर मजदूरों और परिजनों में नाराजगी बनी हुई है तथा वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।