राम मंदिर चढ़ावा और ट्रस्ट पर लगे आरोपों को लेकर केजरीवाल बोले- ‘आस्था से खिलवाड़ करने वालों को कौन बचा रहा है?’
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली, 3 जुलाई 2026 : आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित अनियमितताओं और चढ़ावे की चोरी के आरोपों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस पूरे मामले में वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी या उन्हें संरक्षण दिया जाएगा।
केजरीवाल ने दावा किया कि राम मंदिर ट्रस्ट के लिए 2 करोड़ रुपये में खरीदी जा सकने वाली जमीन को 18 करोड़ रुपये में खरीदा गया, मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी हुई और करीब 70 चोरी की घटनाएं CCTV में कैद होने के बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट में प्रधानमंत्री द्वारा चुने गए सदस्य शामिल हैं, जिनमें चंपत राय का भी नाम है। केजरीवाल का आरोप है कि सरकार ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने का प्रयास किया।
AAP प्रमुख ने यह भी दावा किया कि इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने कथित दान चोरी और ट्रस्ट में अनियमितताओं को लेकर प्रधानमंत्री को 12 रिपोर्टें भेजी थीं, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
अपने बयान में अरविंद केजरीवाल ने कहा, “एक ऐसा नेता जो देश के हर वोटर और हर बूथ पर नजर रखने का दावा करता है, उसे अपने ही संरक्षण में चल रहे करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जानकारी नहीं थी? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था से खिलवाड़ करने वालों को आखिर क्यों बचाया जा रहा है?”
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।