ग्लोबल पार्टनरशिप को मज़बूत करने के लिए दिल्ली में आयोजित हुआ GTTCI का तीसरा MSME कनेक्ट
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (30 जून 2026): संयुक्त राष्ट्र विश्व MSME दिवस के अवसर पर ग्लोबल ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल (इंडिया) (GTTCI) ने नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित CSOI ऑडिटोरियम में तीसरे MSME कनेक्ट – ग्लोबल ग्रोथ फोरम 2026 का सफल आयोजन किया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 20 से अधिक देशों के 250 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य वैश्विक साझेदारी को मजबूत करना, भारतीय MSMEs को अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोड़ना और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में राजस्थान के सांसद लुंबाराम चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि उद्घाटन संबोधन इरिट्रिया के राजदूत एलेम तसेहाये वोल्डेमारियम ने दिया। GTTCI के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता ने स्वागत भाषण में भारतीय MSMEs को वैश्विक बाजारों से जोड़ने और आर्थिक कूटनीति को मजबूत करने की संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।

सम्मेलन में इरिट्रिया, मॉरिटानिया, तिमोर-लेस्ते, त्रिनिदाद एवं टोबैगो, कोमोरोस, लेसोथो सहित कई देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों और राजनयिकों ने भाग लिया। इसके अलावा बेलारूस, कनाडा, क्यूबा, मिस्र, रूस, श्रीलंका, ताजिकिस्तान, वियतनाम और UNESCO के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को वैश्विक स्वरूप प्रदान किया।
तीन अहम विषयों पर हुई चर्चा
फोरम के दौरान तीन महत्वपूर्ण पैनल चर्चाओं का आयोजन किया गया। पहली चर्चा ‘टिकाऊ MSME विकास के लिए वैश्विक पार्टनरशिप को मजबूत करना’ विषय पर केंद्रित रही, जिसमें अंतरराष्ट्रीय सहयोग, निवेश, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप और MSME इकोसिस्टम को सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श हुआ।
दूसरी चर्चा ‘ग्लोबल बिजनेस के भविष्य को आकार देती महिला उद्यमी’ विषय पर आयोजित की गई। इसमें महिला नेतृत्व, नवाचार, वित्तीय समावेशन और वैश्विक व्यापार में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।

तीसरी और अंतिम पैनल चर्चा ‘भू-आर्थिक उथल-पुथल और भारत में MSME सेक्टर’ विषय पर हुई, जिसमें बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य, सप्लाई चेन, निर्यात प्रतिस्पर्धा और भारतीय MSMEs के लिए आवश्यक नीतिगत सुधारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
MSME एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026 से सम्मानित हुए उद्यमी
कार्यक्रम के दौरान MSME एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026 भी प्रदान किए गए। एंटरप्रेन्योरशिप और इनोवेशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए द फ्लास्क क्लब की संस्थापक डॉ. उर्वशी मित्तल और फिनटेक क्लाउड के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
उद्योग और कूटनीतिक जगत की रही मजबूत भागीदारी
सम्मेलन में कई देशों के राजनयिकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और नीति विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। इनमें इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन राकेश कुमार, डॉ. संदीप मारवाह, डॉ. अरुणा अभय ओसवाल, राजदूत अखिलेश मिश्रा, राजदूत अनिल त्रिगुणायत, डॉ. हरवंश चावला सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं।
वैश्विक सहयोग को और मजबूत करने का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर GTTCI ने भारतीय MSMEs के लिए वैश्विक बाजारों में नए अवसर उपलब्ध कराने, आर्थिक कूटनीति को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को और व्यापक बनाने का संकल्प दोहराया। आयोजकों के अनुसार, तीसरा MSME कनेक्ट – ग्लोबल ग्रोथ फोरम 2026 भारत के MSME क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।