15 दिन की हड़ताल के बीच GIMS निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राकेश गुप्ता का बड़ा संदेश

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (29/06/2026): राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स), ग्रेटर नोएडा में पिछले 15 दिनों से जारी कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन के बीच संस्थान के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. आर.के. गुप्ता ने कर्मचारियों से काम पर लौटने की भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों के प्रति वह व्यक्तिगत रूप से सहानुभूति रखते हैं और जिन मांगों का समाधान संस्थान स्तर पर संभव है, उन्हें तत्काल पूरा किया जाएगा। वहीं जिन मामलों में शासन स्तर पर निर्णय आवश्यक होगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सरकार को भेजा जाएगा।

सोमवार को जारी अपने संदेश में ब्रिगेडियर डॉ. आर.के. गुप्ता ने कहा कि 15 जून से जारी आंदोलन के कारण अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं, जिससे सबसे अधिक परेशानी गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उठानी पड़ रही है। उन्होंने कर्मचारियों से मरीजों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल अपनी ड्यूटी पर लौटने का आग्रह किया।

निदेशक ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। इसमें कर्मचारियों की ओर से तीन और जिम्स प्रशासन की ओर से तीन प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह स्वयं इस समिति का हिस्सा नहीं होंगे, ताकि निष्पक्ष तरीके से कर्मचारियों की मांगों पर विचार किया जा सके। समिति की सिफारिशों के आधार पर संस्थान स्तर पर निर्णय लिए जाएंगे तथा आवश्यक मामलों को शासन के समक्ष भेजा जाएगा।

डॉ. गुप्ता ने यह भी कहा कि कुछ बाहरी तत्व कर्मचारियों को भ्रमित करने और आंदोलन को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों से किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की अपील करते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से यह अफवाह फैलाई जा रही थी कि पुलिस कर्मचारियों को हॉस्टल या घरों से उठा ले जाएगी, जबकि ऐसा किसी निर्दोष कर्मचारी के साथ नहीं हुआ। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो कर्मचारी कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी किसी गतिविधि में शामिल नहीं होंगे, उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों को किसी प्रकार की शंका, भ्रम या समस्या है तो जिम्स प्रशासन के दरवाजे उनके लिए हर समय खुले हैं। कर्मचारी किसी भी समय आकर अपनी बात रख सकते हैं और संवाद के माध्यम से हर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है।

निदेशक ने कर्मचारियों को यह भी आश्वस्त किया कि सरकार द्वारा उनके हित में जो भी निर्णय लिए जाएंगे, उनका लाभ उन सभी कर्मचारियों को मिलेगा, जिन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान संस्थान में सेवाएं दी हैं और वर्तमान में भी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के प्रशिक्षण, कौशल विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं और वेतन-भत्तों से जुड़े मुद्दों पर भी संस्थान गंभीरता से कार्य करेगा तथा आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे।

हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आंदोलन के कारण सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ करने या अस्पताल के नियमित कार्य में बाधा डालने जैसी घटनाएं होती हैं, तो ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिम्स प्रशासन उत्तर प्रदेश शासन, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करेगा।

अपने संदेश के अंत में ब्रिगेडियर डॉ. आर.के. गुप्ता ने कर्मचारियों से संयम और विवेक के साथ निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे में न आएं, मरीजों के हित में कार्य पर लौटें और समिति के माध्यम से अपनी मांगों के समाधान की प्रक्रिया में सहयोग करें। उन्होंने विश्वास जताया कि संवाद और आपसी सहमति से सभी समस्याओं का समाधान निकाला जा सकता है।

गौरतलब है कि जिम्स में संविदा कर्मचारियों का आंदोलन पिछले 15 दिनों से जारी है। कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं, जबकि अस्पताल प्रशासन लगातार वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने और कर्मचारियों से कार्य पर लौटने की अपील कर रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।