Apple और Tesla के गोपनीय डेटा पर साइबर खतरे के दावे, जांच में जुटी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (23/06/2026): टाटा समूह की इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स हाल ही में सामने आए एक कथित साइबर सुरक्षा मामले को लेकर चर्चा में है। कंपनी ने पुष्टि की है कि उसके कुछ सिस्टम में साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक घटना का पता चला था। हालांकि, कंपनी का कहना है कि इस घटना का उसके उत्पादन या व्यावसायिक गतिविधियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और सभी परिचालन सामान्य रूप से जारी हैं। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ‘वर्ल्ड लीक्स’ नामक रैनसमवेयर समूह ने डार्क वेब पर करीब 2 लाख फाइलें अपलोड करने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि इन फाइलों का कुल आकार 630 जीबी से अधिक है। समूह का दावा है कि इन दस्तावेजों में Apple और Tesla से जुड़े कंपोनेंट डिजाइन, तकनीकी स्पेसिफिकेशन, फैक्ट्री डेटा और अन्य संवेदनशील जानकारियां शामिल हैं। हालांकि, इन दावों और दस्तावेजों की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।

दावा किया गया है कि लीक हुए डेटा में iPhone सर्किट बोर्ड के गुणवत्ता परीक्षण से जुड़े दस्तावेज, फैक्ट्री रिकॉर्ड तथा तमिलनाडु के होसुर स्थित टाटा के iPhone असेंबली प्लांट से संबंधित फाइलें शामिल हैं। वहीं, Tesla से जुड़े कथित दस्तावेजों में Model Y और Model 3 के चार्जिंग सिस्टम तथा इंजीनियरिंग ड्रॉइंग्स होने की बात भी कही गई है। कुछ दस्तावेजों पर ‘गोपनीय’ और ‘ट्रेड सीक्रेट’ जैसे उल्लेख होने का भी दावा किया गया है।

रिपोर्टों के अनुसार, इस कथित साइबर हमले के बाद टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स से फिरौती की मांग भी की गई थी। हालांकि, कंपनी ने इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। वहीं, Apple भी पूरे मामले की जांच में जुटा है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब भारत वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स देश में Apple के iPhone निर्माण का लगभग एक-तिहाई उत्पादन संभाल रही है। ऐसे में यह घटना वैश्विक सप्लाई चेन की साइबर सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।